➤ 2023 में चयनित ग्रुप-D अभ्यर्थियों को जल्द दी जाएगी नियुक्ति, विभागों से मांगी गई खाली पदों की जानकारी
➤ मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने HKCL पोर्टल पर जिला व पदवार डेटा अपलोड करने को कहा
➤ 7500 से अधिक ग्रुप-D पदों पर नई भर्ती की प्रक्रिया को लेकर HSSC को भेजा गया प्रस्ताव
Haryana Group D Recruitment: हरियाणा सरकार ने ग्रुप-D भर्ती प्रक्रिया को अंतिम रूप देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। साल 2023 में विज्ञापन संख्या 01/2023 के तहत चयनित युवाओं को अब जल्द ही नियुक्ति दी जाएगी। इसके लिए मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से सभी विभागों को पत्र जारी किया गया है, जिसमें यह निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने विभागों में रिक्त ग्रुप-D पदों की जानकारी हरियाणा नॉलेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (HKCL) के पोर्टल पर अपलोड करें।
इन रिक्तियों में उन्हीं चयनित अभ्यर्थियों को समायोजित किया जाएगा, जिन्हें अब तक नियुक्ति नहीं मिली थी। ये वही अभ्यर्थी हैं जिन्हें नायब सैनी सरकार के पहले कार्यकाल के अंतिम चरण में ग्रुप-C और D की भर्तियों के तहत चुना गया था। ग्रुप-C के सभी चयनितों को नियुक्ति दी जा चुकी है, लेकिन ग्रुप-D के कुछ अभ्यर्थी अब भी इंतजार में हैं।
नई भर्तियों के लिए भी बढ़ेगी रफ्तार
सरकार ने HSSC को ग्रुप-D के 7500 से ज्यादा पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए लिखा है, लेकिन आयोग अभी तक चयन सूची जारी नहीं कर पाया है। HSSC का ध्यान इस समय ग्रुप-C के लिए कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) पर केंद्रित है, जो जुलाई में आयोजित होने की संभावना है। इसी कारण ग्रुप-D की प्रक्रिया में देरी हो रही है।
CET परीक्षा को लेकर तैयारी तेज
CET-2025 के लिए अब तक 13.48 लाख से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई हालिया मीटिंग में 2300 एग्जाम सेंटरों पर चर्चा की गई। सभी डिप्टी कमिश्नरों को परीक्षा केंद्र चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। संभावना है कि सोमवार को परीक्षा केंद्रों की अंतिम संख्या तय कर दी जाएगी।
CET परीक्षा जुलाई के अंतिम हफ्ते में संभावित है, और इसे 2 से 3 दिन के भीतर कराने की योजना बनाई जा रही है। HSSC जल्द ही परीक्षा को लेकर विस्तृत अपडेट जारी करेगा।

