➤ हरियाणा में HKRNL के तहत काम कर रहीं महिला कर्मचारियों को अब साल में 22 कैजुअल लीव मिलेंगी
➤ ये छुट्टियां 10 दिन की मेडिकल लीव से अलग होंगी, पहले सिर्फ 10 CL मिलती थीं
➤ सरकार ने नियमित कर्मचारियों के लिए भी छुट्टी और कॉम्प-ऑफ की नई व्यवस्था की लागू
हरियाणा सरकार ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRNL) के तहत कॉन्ट्रैक्ट पर कार्यरत महिला कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। अब इन्हें हर साल 22 कैजुअल लीव (CL) मिलेंगी, जो पहले सिर्फ 10 होती थीं। मानव संसाधन विभाग ने इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। यह आदेश राज्य के सभी विभागों में HKRNL के जरिए तैनात महिला कर्मचारियों पर लागू होंगे।

महिलाओं को पहले से मिलने वाली 10 दिन की मेडिकल लीव भी पहले की तरह जारी रहेगी, यानी अब महिला कर्मचारियों को साल में कुल 32 छुट्टियां मिलेंगी (22 CL + 10 Medical Leave)। हरियाणा में वर्तमान में 1.28 लाख कांट्रैक्चुअल कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें से करीब 38,700 महिलाएं हैं।
इससे पहले, 2 जुलाई को सरकार ने ग्रुप-C और D के नियमित कर्मचारियों के लिए कॉम्प-ऑफ सिस्टम में राहत दी थी। अगर कोई कर्मचारी छुट्टी वाले दिन काम करता है (जैसे रविवार, गजटेड हॉलिडे), तो उसे एक महीने के भीतर उस दिन के बदले में छुट्टी मिल सकती है। कॉम्प-ऑफ 16 दिन से अधिक नहीं हो सकती और इसे एक महीने के भीतर उपयोग करना जरूरी होगा। अगर उस दिन का पैसा ले लिया गया है, तो छुट्टी का विकल्प नहीं मिलेगा।
सरकार ने नियमित महिला कर्मचारियों के लिए भी कैजुअल लीव की संख्या बढ़ाकर 25 कर दी है।
इनमें नियुक्ति की तारीख के अनुसार अलग-अलग श्रेणियां तय की गई हैं —
- 30 जून से पहले नियुक्त महिलाओं को 25 CL, पुरुषों को 10
- 30 जून से 30 सितंबर के बीच नियुक्त महिलाओं को 12 CL, पुरुषों को 5
- 1 अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच नियुक्त महिलाओं को 6 CL, पुरुषों को 2
- 1 दिसंबर के बाद नियुक्त महिलाओं को 3 CL, पुरुषों को सिर्फ 1 CL मिलेगी।
इस फैसले से कर्मचारियों, खासकर महिला स्टाफ को कार्य-जीवन संतुलन बनाए रखने में सहायता मिलेगी। कर्मचारियों की लंबे समय से यह मांग रही थी कि कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों को भी छुट्टियों में बराबरी का हक मिलना चाहिए।