➤ 19 जून तक हरियाणा में हल्की से तेज बारिश का दौर जारी रहेगा, 20 जून के बाद मानसून की संभावित एंट्री
➤ हिसार में रिकॉर्ड 92.8 MM बारिश, गुरुग्राम-नारनौल की सड़कें बनीं तालाब
➤ महेंद्रगढ़-झज्जर में गिरी बिजली, इलेक्ट्रॉनिक सामान जले और भैंस की मौत, एक घर की छत भी गिरी
Pre Monsoon 2025: हरियाणा में गर्मी से राहत देने वाला बरसात का मौसम दस्तक दे चुका है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह बारिश का दौर 19 जून तक चलेगा और इसके तुरंत बाद प्री-मानसूनी हवाएं पूरी तरह सक्रिय हो जाएंगी, जिससे हरियाणा में मानसून की औपचारिक एंट्री की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज हरियाणा के उत्तर-पूर्वी जिलों में 50% तक बारिश हो सकती है। खासकर अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में कल यानी 19 जून को 75% से 100% तक बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही गुरुग्राम, फरीदाबाद, कैथल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और पलवल सहित 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश के साथ हवाओं की रफ्तार 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
तेज बारिश का कहर: हिसार में सबसे अधिक बारिश, गुरुग्राम-नारनौल में जलभराव
मंगलवार को हरियाणा के 14 जिलों में जोरदार बारिश हुई। हिसार में 92.8 MM, रेवाड़ी में 74.5 MM, महेंद्रगढ़ में 43.8 MM, मेवात में 30 MM, गुरुग्राम में 26.7 MM और भिवानी में 24.0 MM बारिश दर्ज की गई।
गुरुग्राम और नारनौल में सड़कें जलभराव के कारण तालाब में बदल गईं। पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव ने गुरुग्राम में जलभराव में फंसी एक कार की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की।
आसमानी बिजली और नुकसान
महेंद्रगढ़ के नारनौल में बारिश का पानी बाजार की दुकानों और घरों में घुस गया। कई बाइकें पानी में डूबी दिखीं।
झज्जर और हिसार में आसमान से बिजली गिरी। झज्जर के एक घर में बिजली गिरने से AC, टीवी, फ्रिज, इनवर्टर समेत इलेक्ट्रॉनिक सामान जल गया।
हिसार में एक किसान की भैंस पर बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। वहीं एक घर की छत गिर गई, गनीमत रही कि उस समय घर पर कोई नहीं था।
20 जून के बाद मानसून की एंट्री संभव
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 20 जून के बाद कभी भी हरियाणा में मानसून प्रवेश कर सकता है। हालांकि सामान्य रूप से मानसून 29 जून को पहुंचता है, लेकिन इस बार यह 4-5 दिन पहले आ सकता है।
कल कहां कितनी बारिश होगी (19 जून)
जिला | बारिश की संभावना (%) |
---|---|
अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला | 75% – 100% |
सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, जींद, रोहतक, दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, मेवात, गुरुग्राम | 25% तक |
पानीपत, करनाल, सोनीपत, कैथल, कुरुक्षेत्र, पलवल | 25% – 50% |