- हिसार में तेज आंधी-तूफान के कारण दो युवकों की दर्दनाक मौत, पेड़ गिरने से हुआ हादसा
- राजस्थान से सटे हरियाणा जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी, 6 जिलों में बारिश की संभावना
- हरियाणा में अधिकतम तापमान में 7.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट, रोहतक में सबसे अधिक बदलाव दर्ज
Two Killed in Hisar as Storm Fells Trees: हरियाणा के हिसार जिले में गुरुवार रात आए तेज आंधी-तूफान ने कहर बरपा दिया। बरवाला इलाके में दो अलग-अलग हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों में एक की पहचान छान गांव निवासी सुरेश (32 वर्ष) और दूसरे की पहचान राखी शाहपुर निवासी 20 वर्षीय रुपेश के रूप में हुई है।
सुरेश कुमार, जो एक इलेक्ट्रिशियन की दुकान चलाता था, गुरुवार रात बनभौरी से गांव छान लौट रहा था, तभी रास्ते में तेज आंधी के चलते नीम का पेड़ गिर गया। पेड़ सीधा उसकी बाइक पर गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने उसे बरवाला के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरा हादसा जींद मार्ग पर हुआ, जहां आंधी में सड़क पर गिरे पेड़ से टकराकर रुपेश की जान चली गई। वह बाइक पर अपने नाना के घर खरक पूनिया गांव लौट रहा था। रुपेश बरवाला के गवर्नमेंट कॉलेज में पढ़ता था और हाल ही में खेत से लौट रहा था। पुलिस ने इस मामले में इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
इस घटना के साथ ही राज्य में मौसम ने भी करवट ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ के अनुसार, 23 से 26 मई तक राज्य में बारिश और लू दोनों की स्थिति बनी हुई है। 23 मई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल में हल्की बारिश का अनुमान है।
वहीं 24 मई को 10 जिलों में, 25 मई को 16 जिलों में और 26 मई को पूरे 19 जिलों में बारिश हो सकती है। इन जिलों में गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, झज्जर, रोहतक, फतेहाबाद, हिसार, चरखी दादरी आदि शामिल हैं।
इसी के साथ हरियाणा में तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को राज्य के अधिकतम तापमान में औसतन 7.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई, जबकि रोहतक में सबसे अधिक 9.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। सिरसा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रहा।