● भारतीय जनता पार्टी आज सिरसा, फतेहाबाद और डबवाली के नए जिला अध्यक्षों की घोषणा करेगी।
● पहली बार डबवाली को अलग जिला संगठन के रूप में मान्यता मिलेगी, महिला को मिल सकती है जिम्मेदारी।
● सुबह 10 बजे तक सूची जारी होने की संभावना, कार्यकर्ताओं को भाजपा कार्यालय में बुलाया गया।
BJP Haryana: हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आज सिरसा, फतेहाबाद और डबवाली के नए जिला अध्यक्षों की घोषणा करेगी। इस बार पहली बार डबवाली को अलग संगठनात्मक जिला बनाया गया है, जो अब तक सिरसा जिले के अंतर्गत आता था। भाजपा नेतृत्व इस सूची में जातिगत संतुलन साधने की कोशिश करेगा।
भाजपा की ओर से सुबह 10 बजे तक नए जिला अध्यक्षों की सूची जारी करने की संभावना है। सिरसा में 38, फतेहाबाद में 40 और डबवाली में नौ दावेदारों ने आवेदन किया है। इनमें से एक-एक नाम हाईकमान द्वारा तय किया जाएगा और सूची जारी होते ही नए जिला अध्यक्षों को पदभार सौंप दिया जाएगा। इसके लिए सुबह 9 बजे से कार्यकर्ताओं को भाजपा कार्यालय में एकत्र होने के लिए कहा गया है। पार्टी सूत्राें के अनुसार एडवोकेट यतीन्द्र सिंह भाजपा के सिरसा जिलाध्यक्ष और रेणु शर्मा डबवाली के जिलाध्यक्ष के रूप में पार्टी हाईकमान की मुहर लग चुकी है।
डबवाली को मिल सकती है पहली महिला जिला अध्यक्ष
भाजपा इस बार संगठन में महिला नेतृत्व को बढ़ावा दे सकती है। डबवाली को नया जिला संगठन घोषित किए जाने के बाद पहली बार यहां महिला को जिला अध्यक्ष बनाए जाने की अटकलें तेज हैं। भाजपा पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने के मूड में है। डबवाली संगठनात्मक जिले के तहत कालांवाली, रोड़ी और ओढां क्षेत्र भी आएंगे।
नए जिला अध्यक्ष का होगा सम्मान समारोह
सिरसा के भाजपा जिला प्रभारी एवं हरकोफेड के चेयरमैन वेद फुलां ने बताया कि पार्टी कार्यालय में सुबह 9 बजे कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। नए जिला अध्यक्ष की घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत और सम्मान किया जाएगा।