नूंह जिले के आंकेड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली-अलवर रोड पर गांव गोहाना मोड़ के पास तेज रफ्तार बस ने सवारियों से भरे एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पूरा ऑटो बस के नीचे कुचल गया। इस हादसे में ऑटो चालक और एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत कर क्षतिग्रस्त ऑटो को बस के नीचे से निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक महिला के बेटे की शिकायत के आधार पर बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 43 वर्षीय कमलेश, निवासी नगीना, शनिवार को अपने परिवार की अन्य महिला सदस्य सविता के साथ गांव मालब में एक बीमार रिश्तेदार का हालचाल जानने गई थीं। दोपहर करीब 2 बजे, दोनों महिलाएं मालब गांव से ऑटो में सवार होकर अपने घर लौट रही थीं।
जब उनका ऑटो आंकेड़ा थाना क्षेत्र से थोड़ी दूरी पर गोहाना मोड़ के समीप पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने ऑटो को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर के चलते ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस के नीचे दब गया।
हादसे में कमलेश और ऑटो चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सविता गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और बस चालक की तलाश जारी है।







