Panipat के सैनी कॉलोनी में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत से हड़कंप मच गया। 34 वर्षीय अरविंद, जो बीते कुछ दिनों से शराब के ठेके के सामने अंडे की रेहड़ी लगाता था, उसकी मौत सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई।

परिजनों के अनुसार, अरविंद का ठेके पर काम करने वालों से पहले भी विवाद हो चुका था। कुछ समय पहले दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी, जिसमें अरविंद को बुरी तरह पीटा गया था। घटना के बाद घायल अरविंद को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

अरविंद के परिवार का आरोप है कि शराब ठेके के कर्मचारियों ने ही उसे इतनी बुरी तरह पीटा कि उसकी जान चली गई। परिजनों ने प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिवार वालों का कहना है कि पुलिस प्रशासन इस मामले में ढिलाई बरत रहा है। अगर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे अपनी मांग को लेकर उच्च अधिकारियों तक जाएंगे। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।