पलवल में प्रेम करने पर युवक की पीट-पीटकर हत्या, भाई ने 12 के खिलाफ दर्ज कराया मामला

पलवल हरियाणा

पलवल। हरियाणा के पलवल जिले में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक का अपहरण कर खेतों में ले जाकर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। गदपुरी थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर छह नामजद सहित 12 युवकों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया।

गदपुरी थाना प्रभारी राजबीर के अनुसार, धतीर गांव निवासी अर्जुन ने दी अपनी शिकायत में कहा है कि उसका सबसे बड़ा भाई 27 वर्षीय निखिल है। शुक्रवार को शाम करीब साढ़े पांच बजे उसके भाई निखिल को दो गाड़ियों व एक बाइक पर आए किशोरपुर व धतीर गांव के करीब एक दर्जन युवक गाड़ी में डालकर ले गए। जिसके बाद आरोपियों ने उसके भाई को किशोरपुर के जंगल में ले जाकर लाठी,डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर खेतों में फेंक कर फरार हो गए।

पीडि़त का कहना है कि वह और उसके साथ मंढऩाका गांव निवासी विवेक व देवेंद्र मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि निखिल लहुलुहान अवस्था में पड़ा हुआ था। जिसको वे तुरंत गाड़ी में बिठाकर जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से निखिल की हालत नाजुक देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।

Whatsapp Channel Join

शिकायत में कहा है कि पीडि़त को उसके भाई निखिल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में बताया कि वह किशोरपुर गांव की एक लड़की से प्रेम करता था। इसी बात को लेकर किशोरपुर गांव निवासी समय, जुगन, सोनू उर्फ सुच्चा व ऋषि, धतीर गांव निवासी गौरव व सौरव सहित 6-7 लड़कों ने पीटा है। जिसके बाद वह अपने भाई को एम्बुलेंस में बिठाकर फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल पहुंचा।

निजी अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच करने के बाद उसके भाई को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही गदपुरी थाना पुलिस फरीदाबाद अस्पताल पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बीके अस्पताल फरीदाबाद मॉर्चरी में रखवा दिया। पुलिस ने मृतक के भाई अर्जुन की शिकायत पर उक्त सभी आरोपियों के खिलाफ अपहरण व हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया।