Haryana Assembly Speaker Gyan Chand Gupta

संसद की घटना के बाद Haryana Speaker Gyanchand Gupta ने बढ़ाई विधानसभा की सुरक्षा, अधिकारियों के साथ आपात बैठक में की समीक्षा

पंचकुला बड़ी ख़बर राजनीति हरियाणा

संसद भवन में बुधवार को हुई घटना के बाद हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने सुरक्षा एवं प्रहरी शाखा और विधानसभा अधिकारियों के साथ आपात बैठक की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि शीतकालीन सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष रूप से सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि सत्र की कार्यवाही देखने के लिए आने वाले दर्शकों के लिए प्रवेश पत्र बनाते समय समुचित नियमों व प्रक्रियाओं का पालन करें। इसके साथ ही उन्होंने दर्शक दीर्घा में तुरंत प्रभाव से कैमरे लगाने के आदेश जारी किए। देर शाम तक कैमरे लगाने की कार्रवाई जारी रही।

विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता के निर्देशों के बाद तय हुआ कि सत्र की कार्यवाही देखने के लिए आने वाले दर्शकों के पास विधायकों की अनुशंसा के बाद विधानसभा सचिवालय हारट्रोन को आगंतुकों की जानकारी भेजेगा। हारट्रोन प्रार्थी की समुचित जानकारी कंप्यूटर में फीड कर फोटोयुक्त प्रवेश पत्र तैयार करेगा। इस प्रवेश पत्र के बाद विधानसभा की सुरक्षा एवं प्रहरी शाखा हरियाणा पुलिस की मदद से निर्धारित 3 स्थानों पर प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा चैकिंग करेगी। महिला दर्शकों की सुरक्षा चेकिंग के लिए अलग से कैबिन स्थापित किए गए हैं।

ज्ञानचंद गुप्ता 1

दर्शक दीर्घा में पर्स, पैन, मोबाइल फोन, पानी की बोतल, बैल्ट, काले रंग का कपड़ा, कड़ा इत्यादि कोई भी वस्तु लेकर जाने की मनाही होगी। इतना ही नहीं, वहां किसी को खड़ा होने की भी अनुमति नहीं होगी। इसके लिए सुरक्षा प्रहरियों को विशेष रूप से नियुक्त किया जा रहा है। वहीं सिविल सचिवालय से आने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को भी उनके पहचान पत्र के आधार पर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। उन्हें विधानसभा भवन आने के लिए विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी प्रवेश पत्र दिखाना होगा।

Whatsapp Channel Join

वहीं मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और विधानसभा उपाध्यक्ष के अलावा किसी भी मंत्री या विधायक के साथ उनके सुरक्षा कर्मचारी विधानसभा भवन में प्रवेश नहीं करेंगे। विधानसभा भवन में पंजाब के साथ साझा सभी 7 रास्ते भी बंद किए जा रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता की अध्यक्षता में वीरवार को कार्य सलाहकार समिति की बैठक भी संपन्न हुई।

विस स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता

बैठक में सुझाव आया कि शून्यकाल के दौरान विधायकों को अपनी बात रखने लिए 3 मिनट की बजाय 4 मिनट दिए जाने चाहिए। हालांकि इससे बोलने वाले विधायकों की संख्या कम हो जाएगी। विस अध्यक्ष ने बताया कि बीएसी के सुझाव को सदन में रखा जाएगा। इस पर अंतिम निर्णय सदन में ही होगा।

इस दौरान हरियाणा के प्रस्तावित राज्य गीत पर भी चर्चा हुई। प्रस्तावित राज्य गीतों को शुक्रवार को सदन में सुनाया जाएगा। इसके बाद सोमवार को इस पर विधायकों के विचार व सुझाव लिए जा सकते हैं। बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल, उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, गृह मंत्री अनिल विज, संसदीय कार्य मंत्री कंवरपाल, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा और विधानसभा उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा मौजूद रहे।