01 अप्रैल 2025 से बड़ा बदनााव 2

अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में आज अमित शाह, सुरक्षा चाक-चौबंद, 2 किमी तक ड्रोन पर पाबंदी!

हरियाणा

● गृहमंत्री अमित शाह आज अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे
● 32 बेड के अत्याधुनिक आईसीयू, 20 फीट ऊंची महाराजा अग्रसेन प्रतिमा और पीजी छात्रावास का शिलान्यास करेंगे
● कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के सख्त इंतजाम, 2 किमी के दायरे में ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सोमवार को हरियाणा के अग्रोहा स्थित महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। उनके इस दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। शाह सुबह 11 बजे मेडिकल कॉलेज पहुंचेंगे, जहां वे 32 बेड के अत्याधुनिक आईसीयू का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा, वे 20 फीट ऊंची और 800 किलोग्राम वजनी महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। साथ ही, पीजी छात्रों के लिए बनने वाले 60 कमरों के छात्रावास भवन की आधारशिला रखेंगे।

रविवार शाम तक प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन ने इस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया था। उपायुक्त अनीश यादव ने मेडिकल कॉलेज सभागार में अधिकारियों की बैठक आयोजित कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री के कार्यक्रम के लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सुरक्षा के लिहाज से, पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। सुबह 6 बजे से शाम 7 बजे तक कार्यक्रम स्थल के 2 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन और अन्य उड़ान उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पुलिस की पांच कंपनियां तैनात रहेंगी, जिनमें से दो कंपनियां अन्य जिलों से बुलाई गई हैं।

Whatsapp Channel Join

कार्यक्रम स्थल के 2 किलोमीटर के दायरे में धारा 163 लागू की गई है। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सी जयाश्रद्घा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। उपायुक्त ने समारोह स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं की अंतिम समीक्षा की।

सीएम नायब सैनी का कार्यक्रम

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी इस समारोह में शामिल होंगे। उनका हेलिकॉप्टर सुबह 10:55 बजे अग्रोहा हेलिपेड पर उतरेगा। वे सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक मेडिकल कॉलेज में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके बाद, दोपहर 2 बजे वे पूर्व राज्यसभा सदस्य डॉ. डीपी वत्स के घर पहुंचकर उनकी मां के निधन पर शोक व्यक्त करेंगे। 2:35 बजे वे सेक्टर 9-11 में माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष ईश्वर सिंह के निधन पर शोक जताने जाएंगे। फिर, 3:30 बजे वे चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे।

सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां

इस भव्य आयोजन के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। उपायुक्त अनीश यादव ने पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन को सुरक्षा और यातायात नियंत्रण का जिम्मा सौंपा है। मुख्य मंच और अतिथियों की व्यवस्था की जिम्मेदारी अतिरिक्त उपायुक्त सी जयाश्रद्घा और एसडीएम ज्योति को दी गई है। चिकित्सा सुविधाओं की जिम्मेदारी सिविल सर्जन डॉ. सपना गहलावत को दी गई है, जिन्होंने कार्यक्रम स्थल पर एम्बुलेंस और चिकित्सकों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की है।

इस महत्वपूर्ण आयोजन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, स्वास्थ्य मंत्री आरती राव, लोक निर्माण मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, सांसद नवीन जिंदल, विधायक सावित्री जिंदल, पूर्व राज्यसभा सांसद डीपी वत्स सहित कई अन्य मंत्री और विधायक भी शामिल होंगे।