● विज ने कहा- “मीडिया के जरिए नोटिस का पता चला, लेकिन जवाब हाईकमान को ही दूंगा।”
● नोटिस मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली के खिलाफ बयानबाजी पर जारी हुआ।
● नायब सैनी और बड़ौली ने दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की।
Anil Vij BJP Notice: मंत्री अनिल विज को जारी नोटिस से हरियाणा बीजेपी में बवाल कटा हुआ है। मुख्यमंत्री नायब सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली के खिलाफ बयानबाजी करने पर हुई कारण बताओ नोटिस की इस कार्रवाई ने हरियाणा की राजनीति में खलबली मचाई हुई है। विज ने बेंगलुरु से चंडीगढ़ लौटने के बाद पहली प्रतिक्रिया में कहा कि उन्हें मीडिया के माध्यम से इस नोटिस की जानकारी मिली, लेकिन वे इसका जवाब हाईकमान को ही देंगे।
मंगलवार को चंडीगढ़ में मीडिया से बात करते हुए विज ने कहा, “मैं तीन दिन से बेंगलुरु में था। अब घर जाऊंगा, ठंडे पानी से नहाऊंगा, रोटी खाऊंगा और फिर जवाब लिखकर हाईकमान को भेजूंगा।” जब उनसे पूछा गया कि नोटिस सीएम की सहमति से जारी हुआ है या नहीं, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।
दिल्ली में भाजपा हाईकमान से चर्चा
इस बीच, मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की। इसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी बातचीत की। सूत्रों की मानें तो इस बैठक में अनिल विज के मुद्दे पर चर्चा हुई।
पार्टी के दो संभावित फैसले:
● अनिल विज खुद मंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
● भाजपा हाईकमान सख्त कार्रवाई कर सकता है, जिससे पार्टी कैडर में संदेश जाए।
हालांकि, कुछ अटकलें यह भी हैं कि हाईकमान के हस्तक्षेप के बाद विज मंत्री पद पर बने रह सकते हैं।
क्या लिखा था नोटिस में?
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली द्वारा भेजे गए नोटिस में कहा गया, “दिल्ली चुनाव के दौरान आपकी बयानबाजी से पार्टी की छवि को नुकसान पहुंच सकता है। यह पूरी तरह अस्वीकार्य है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार आपको कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। आपसे अपेक्षा की जाती है कि तीन दिन में लिखित स्पष्टीकरण दें।”