हरियाणा में गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गानों पर बैन के बाद अब अश्लील और अराजकता फैलाने वाले अन्य गानों को भी प्रतिबंधित करने की मांग तेज हो गई है। इसी क्रम में चरखी दादरी बार एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए ऐसे गानों पर सख्त कार्रवाई की अपील की है।
गन कल्चर के गानों पर बैन के बाद नई मांग उठी
पिछले कुछ दिनों से मशहूर हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के गानों पर बैन लगाए जाने के बाद यह मुद्दा गर्माया हुआ है। अब बार एसोसिएशन ने राज्य में अश्लीलता, अराजकता और समाज को भटकाने वाले गानों पर भी रोक लगाने की मांग रखी है।
बार एसोसिएशन ने जताया सरकार का आभार
चरखी दादरी बार एसोसिएशन के सदस्य एडवोकेट गिरेंद्र फोगाट के नेतृत्व में अधिवक्ताओं का एक समूह लघु सचिवालय परिसर में एकत्र हुआ और डीआरओ को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने सरकार द्वारा अब तक की गई कार्रवाई की सराहना की और हरियाणवी संस्कृति को बचाने के लिए भविष्य में और सख्त कदम उठाने की मांग की।
कानूनी कार्रवाई की भी मांग
बार एसोसिएशन ने न केवल इन गानों पर बैन लगाने की बात कही, बल्कि ऐसे गाने बनाने और प्रसारित करने वाले गायकों पर कानूनी कार्रवाई करने की भी अपील की। उनका कहना है कि इन गानों से युवा पीढ़ी गलत दिशा में जा रही है और यह हरियाणवी समाज के मूल्यों के खिलाफ है।







