भिवानी स्वराज इंडिया व जन किसान आंदोलन के नेता Yogendra Yadav ने कहा कि हरियाणा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री 58 दिन का कार्य विभिन्न सार्वजनिक मंचों से गिनाते है, जबकि पिछले साढ़े 9 साल के कार्यकाल का कोई जिक्र नहीं करते। ऐसे में भाजपा की प्रदेश में विफलता झलक रही है। हरियाणा प्रदेश में भाजपा के विरूद्ध तीन राजनीतिक संभावनाएं है। जिनमें भाजपा के खिलाफ हवा, आंधी व सुनामी है। यह बात उन्होंने आज भिवानी में कांग्रेस समर्थित माकपा उम्मीदवार कामरेड ओम प्रकाश के पक्ष में पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
सामाजिक कार्यकर्ता व बुद्धिजीवी Yogendra Yadav ने कहा कि आज हरियाणा प्रदेश में किसानों की धान 1800 से 1900 रुपये बिक रही है, जबकि भाव 2300 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक है। भाजपा सांसद कंगना रणावत फिर से तीन कृषि कानूनों को वापिस लाए जाने की बात कह रही है, उनके द्वारा इस वक्तव्य को भाजपा कहलवाकर एक बार फिर से कृषि कानून लाए जाने की प्रतिक्रिया को टैस्ट करना चाहती है। कड़ी मेहनत व शहादत के बाद किसान इन कृषि कानूनों को रद्द करवाने में सफल हो पाए थे।
भाजपा ने 10 साल जनता को किया तंग
योगेंद्र ने भाजपा सरकार पर जातिवादी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि हरियाणा प्रदेश में फैमिली आईडी, प्रोपर्टी आईडी, किसानों के फसल पंजीकरण सहित विभिन्न पोर्टल के माध्यम से आमजन को तंग करने का कार्य पिछले 10 साल के भाजपा कार्यकाल में किया गया है। ऐसे में हरियाणा प्रदेश के नागरिक राज्य सरकार को बदलने को तैयार है। इस मौके पर उन्होंने हरियाणा प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने का दावा किया तथा भिवानी से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी कामरेड ओम प्रकाश को ईमानदारी व संघर्ष शीलता के बल पर जिताने की अपील की।