घर में घुसकर मांगी दो लाख रुपये की रंगदारी, कहा- हमारे संबंध कासनी गैंग से

चरखी दादरी

युवक के घर हथियारबंद युवकों के घुसकर मारपीट करने और दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने शिकायतकर्ता युवक के दो वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिए।

उन्होंने कहा कि हम कासनी गैंग से संबंध रखते हैं और दो लाख रुपये की वसूली तो करनी ही पड़ेगी। सदर थाना पुलिस ने मिली शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सशस्त्र अधिनियम समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।

क्या था सारा मामला

Whatsapp Channel Join

पुलिस को दी शिकायत में घिकाड़ा निवासी मोहित ने बताया कि वो डाकघर में तैनात है। उनके गांव का महेश उर्फ बंटू और सेमु अपराधी प्रवृत्ति के हैं। कई दिनों से गांव निवासी आशीष भी उनके साथ रहता है।

मोहित ने बताया कि वो पिछले कुछ दिनों से उससे दो लाख रुपये की मांग कर रहे हैं और कहते हैं कि ये रुपये तो खर्च के लिए देने पड़ेंगे। मोहित ने बताया कि गत 18 जुलाई की रात तीनों साढ़े 11 बजे उसके घर के बाहर आए और गाली-गलौज करने लगे।

इसके बाद तीनों ने गली में खड़ी उनकी कार और बाइक को क्षतिग्रस्त करने के साथ उन्होंने घर पर पथराव भी किया। जबरदस्ती घर में घुसने के बाद उन्होंने मोहित और उसके पिता से मारपीट की। मोहित के अनुसार, इसके बाद महेश ने पिस्तौल निकालकर उन पर तान दी।

उसने कहा कि दो लाख रुपये की वसूली तो करनी पड़ेगी, हम कासनी गैंग से संबंध रखते हैं। शोर मचाने पर पड़ोसी एकत्र हुए तो आरोपी वहां से फरार हो गए। सदर थाना पुलिस ने अब इस संबंध में केस दर्ज कर तीनों पर कार्रवाई शुरू कर दी है।