हरियाणा के चरखी दादरी जिले में शादी में जाने की जिद कर रही पत्नी को पति ने गोलियां मार दी। पत्नी पर 2 गोलियां चलाने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। इसका पता चलते ही परिजन पत्नी को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। पति ने खेतों की रखवाली के लिए घर में बंदूक रखी हुई थी। जिससे उसने फायरिंग की।
जानकारी के अनुसार, गांव छपार निवासी सतबीर सिंह खेतों की रखवाली के लिए घर से जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी ने शादी में जाने की बात कही। जिसके लिए पति सतबीर राजी नहीं हुआ। इस बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। जो बड़ी बहस में बदल गई। पत्नी शादी में जाने और सतबीर न जाने देने की बात पर अड़ गया।
नशे की हालत में था पति
बंदूक उठाकर गोली मारी, नशे की हालत में था परिजनों की तरफ से पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक इससे सतबीर सिंह काफी गुस्सा हो गया। उसने अपने पास रखी बंदूक से पत्नी 50 वर्षीय सुंदर देवी पर गोलियां दाग दी। वारदात के दौरान सतबीर नशे की हालत में था और गोलियां मारकर मौके से फरार हो गया।
पेट में छर्रे भी लगे
परिजनों ने घायल सुंदर देवी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। परिजन बिंटू ने बताया कि सतबीर ने शराब के नशे में पत्नी सुंदर के साथ झगड़ा किया और बंदूक से फायरिंग की। सुंदर देवी को 2 गोलियां लगी हैं और पेट में छर्रे भी लगे हैं। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई है।