लाडवा पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अपने विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की समीक्षा के लिए अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों को और तेज करने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया। बैठक में उपायुक्त समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने क्षेत्र में चल रही विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी दी।
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए सीएम सैनी ने कहा कि लाडवा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति को बढ़ाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उन्होंने यह संकेत भी दिया कि आने वाले दिनों में कुरुक्षेत्र को एक बड़ी परियोजना की सौगात मिलने वाली है, जिससे क्षेत्र में आर्थिक और आधारभूत संरचना का विकास होगा।
गौरतलब है कि लाडवा मुख्यमंत्री का अपना निर्वाचन क्षेत्र है, जहां चुनाव के दौरान उन्होंने जनता से बड़े-बड़े विकास कार्यों के वादे किए थे। इन्हीं वादों को अमलीजामा पहनाने के लिए उन्होंने आज अधिकारियों संग समीक्षा बैठक की और सुनिश्चित किया कि सभी परियोजनाएं तय समय पर पूरी हों। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि विकास कार्यों में पारदर्शिता प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि जनता को सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।







