Faridabad Half Marathon : हरियाणा के जिला फरीदाबाद के सूरजकुंड के मैदान पर रविवार को फरीदाबाद हाफ मैराथन का आयोजन किया गया है। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन में ओलंपिक खिलाड़ी मैरीकॉम, मनु भाकर, केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा और विधायकों सहित कई फिल्मी सितारों ने भाग लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने घोषणा की कि हर वर्ष अक्तूबर के पहले रविवार को फरीदाबाद मैराथन का आयोजन होगा।
गौरतलब है कि उपायुक्त विक्रम सिंह ने शनिवार को ही निर्देश जारी कर बताया था कि मैराथन के दौरान पूरे रूट पर यातायात बंद रहेगा। इसको लेकर रूट निर्धारित किया गया। यह मैराथन सूरजकुंड परिसर स्थित दिल्ली गेट से शुरू होकर एनएचपीसी कॉलोनी, मानव रचना इंस्टीट्यूट, श्री सिद्धदाता आश्रम, जिमखाना क्लब, सेक्टर-21 डी मार्केट होते हुए वापस सूरजकुंड पहुंचेगी। इस रूट कई जगह मंच और मेडिकल की व्यवस्था भी की गई है।

फरीदाबाद हाफ मैराथन के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंच के माध्यम से बताया कि नशे के खिलाफ युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से ही मैराथन का आयोजन किया गया है। मैराथन के दौरान लोगों में जमकर उत्साह देखा गया। इसके लिए एक लाख से अधिक लोगों ने अपना पंजीकरण कराया था।

बता दें कि मैराथन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए टी-शर्ट और किट की व्यवस्था की गई। मैराथन में 21 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की दौड़ हुई। इस दौरान 5 किलोमीटर फन मैराथन भी हुई। 21 और 10 किलोमीटर दौड़ में शामिल होने वालों को डिजिटल रियल टाइम सर्टिफिकेट, वहीं 5 किलोमीटर में हिस्सेदारी करने वालों को भी पार्टिसिपेशन सर्टिफिकेट दिया गया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने फरीदाबाद हाफ मैराथन के विजेताओं को सम्मानित किया।

इस मौके पर 21 किलोमीटर ओपन कैटेगरी में हाफ मैराथन में प्रथम स्थान के विजेता को 1 लाख, द्वितीय विजेता को 75 हजार और तृतीय विजेता के लिए 50 हजार रुपये का नगद इनाम रखा गया। 10 किलोमीटर मैराथन में प्रथम आने पर 50 हजार, द्वितीय विजेता को 30 हजार और तृतीय विजेता को 20 हजार रुपये नगद दिए गए।

