देश में कांग्रेस पार्टी के बैंक खातों को फ्रीज करने के मामले में हरियाणा के जिला फरीदाबाद में सोमवार को कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं और व्यापारियों के साथ मिलकर आयकर भवन के सामने विरोध प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय प्रताप, पूर्व विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव शारदा राठौर और कांग्रेस नेता रघुवीर तेवतिया ने किया। इससे पहले कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और व्यापारी एकजुट होकर आयकर भवन पहुंचे।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता विजय प्रताप ने आरोप लगाया कि सरकार कांग्रेस पार्टी पर दबाव बनाना चाहती है। भाजपा लोकसभा चुनाव से पहले ही कांग्रेस से डर चुकी है। इसी के चलते इस तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने इनकम टैक्स विभाग को आगे करके कांग्रेस का खाता फ्रीज करवाया है। जिसका पूरे देश और प्रदेश में विरोध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के खाते राजनीतिक द्वेषता के चलते फ्रीज किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा खुद कमीशनखोरी और असंवैधानिक तरीके से पार्टी फंड भरती है और बैंक खाते कांग्रेस के फ्रीज करती है। देश में न लोकतंत्र सुरक्षित है और न ही संवैधानिक व्यवस्था है। विजय प्रताप ने कहा कि जनता सब देख रही है, जिसका जवाब आने वाले चुनावों में दिया जाएगा।

फरीदाबाद आयकर भवन के बाहर कांग्रेस की पूर्व विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव शारदा राठौर ने कहा कि हिंदुस्तान में लोकतंत्र पूरी तरह से खत्म हो चुका है। देश की मुख्य विपक्षी पार्टी के सारे अकाउंट्स फ्रीज कर दिए गए हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अकाउंट पर तालाबंदी कर दी गई है। यह कांग्रेस पार्टी के अकाउंट्स फ्रीज नहीं हुए, बल्कि देश के लोकतंत्र को फ्रीज करने का काम किया गया है। शारदा राठौर ने कहा कि देश में सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है। चाहे वह इनकम टैक्स है, सीबीआई, ईडी या अन्य महकमें हैं। विपक्षी दलों पर ही इनका प्रयोग करके उन्हें दबाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार धरातल पर अपनी सच्चाई जान चुकी है। नारे तो बड़े-बड़े दे दिए गए हैं, लेकिन धरातल पर सच्चाई कुछ और ही है। शारदा राठौर का आरोप है कि चुनाव में कोई सरकार के सामने खुलकर न लड़ सके और मुखर होकर बात न कर सके, इसके लिए कांग्रेस पार्टी के खातों को फ्रीज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब चुनाव में भाजपा सरकार का जाना तय है। कांग्रेस पार्टी ऐसी पार्टी है, जिसने स्वतंत्रता संग्राम में भाग लेकर अंग्रेजों का डटकर मुकाबला किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के इन तानाशाहों से डरने वाली नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अपनी सारी हदों को पार कर दिया है। विपक्षी दलों के नेताओं को हवालात में डाला जा रहा है। सरकार ने पॉलिसी बना ली है कि विपक्ष के नेताओं को जेलों में डालों, उनके खातों को फ्रीज करो और चुनाव जीतो, लेकिन काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती।

शारदा राठौर ने कहा कि जनता के लिए महंगाई, बेरोजगारों, भ्रष्टाचार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर भी बात करना जरूरी है, जिन्हें भाजपा सरकार बिल्कुल नहीं उठा रही है। जनता पर सरकार के भावनात्मक मुद्दों में बहकने वाली नहीं है। कांग्रेस पार्टी असली मुद्दों पर लड़ाई लड़ने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मोदी और भाजपा की यही तकलीफ है, जिनके चलते कांग्रेस पार्टी को दबाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता अब जनता के साथ एकजुट होकर देश को भाजपा से मुक्ति दिलाने का काम करेगा।

