Haryana के 4 जिलों हिसार, रोहतक, जींद और भिवानी में घनी धुंध के चलते विजिबिलिटी 10 से 20 मीटर तक सिमट गई है। इसके साथ ही 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही बर्फीली हवाओं ने ठंड को और बढ़ा दिया है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के 11 जिलों में कोल्ड डे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, जींद, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, रोहतक, सोनीपत और अंबाला शामिल हैं। वहीं, भिवानी, पंचकूला, यमुनानगर, चरखी दादरी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में यलो अलर्ट जारी करते हुए घने कोहरे और ठंड की चेतावनी दी गई है।

हिसार में रविवार को कड़ाके की ठंड के साथ दिन का तापमान 12 डिग्री और रात का 9.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सिरसा में दिन का तापमान 11.6 डिग्री और महेंद्रगढ़ में 11.7 डिग्री दर्ज हुआ। हिसार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार ठंड का तीसरा दौर शुरू हो चुका है, जो अगले 20 दिनों तक जारी रहेगा। बर्फीली हवाएं उत्तरी पहाड़ों से मैदानी इलाकों की ओर बह रही हैं, जिससे शीतलहर तेज हो गई है।

बीते 24 घंटे में हरियाणा में 6.1MM बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य से 14 गुना ज्यादा है। अंबाला में 20.5MM, सिरसा में 16.2MM, पंचकूला में 10.4MM और यमुनानगर में 7.8MM बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट के साथ बारिश और घनी धुंध की संभावना जताई है।