हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के बाबैन कस्बे के जालखेड़ी गांव से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां घरेलू विवाद के चलते 60 वर्षीय बुजुर्ग ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। 5 अप्रैल की सुबह करीब 10 बजे यह खौफनाक वारदात उस समय हुई जब आरोपी शिवचरण ने अपनी 58 वर्षीय पत्नी बाला देवी के सिर में लोहे की गुदाली मार दी। वारदात के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की भरसक कोशिश की और शव का जल्दी से जल्दी अंतिम संस्कार करने की योजना भी बना ली थी, लेकिन ऐन वक्त पर पुलिस के दखल से मामले का खुलासा हो गया।
बहू की चीख-पुकार ने खोली हत्या की परतें
घटना की चश्मदीद बहू रूबी रानी ने बताया कि वह उस समय घर के बाहर गोबर डालने गई थी, तभी सास की चीख सुनकर वह दौड़ती हुई घर आई। वहां उसने देखा कि उसकी सास खून से लथपथ जमीन पर पड़ी हुई है और ससुर हाथ में लोहे की गुदाली लेकर मौके से फरार हो गया। ससुर ने खुद ही बहू को बताया कि मैंने तेरी सास को मार दिया है। यह नजारा देखकर बहू भी बेहोश होकर गिर पड़ी।
साक्ष्य मिटाने की साजिश: आंगन की लिपाई, दाह संस्कार की तैयारी
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी ने हत्या छिपाने की कोशिशें शुरू कर दीं। सबसे पहले उसने खून के धब्बे मिटाने के लिए घर के आंगन की लिपाई करवाई। दोपहर करीब 12:30 बजे शव का दाह संस्कार करने की तैयारी भी कर ली गई थी। लेकिन किसी ग्रामीण ने समय रहते पुलिस को सूचना दे दी।
पुलिस की तत्परता से बचा शव का जलना, शुरू हुई जांच
सूचना मिलते ही बाबैन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जांच अधिकारी बलबीर दत्त ने बताया कि बहू रूबी रानी के बयान पर आरोपी ससुर शिवचरण के खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की गई है।
गिरफ्तारी के प्रयास जारी, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने घटना स्थल से अहम सबूत इकट्ठा किए हैं। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की तह तक पहुंचा जाएगा।







