हरियाणा के नूंह जिले में नकल रहित परीक्षा कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने पूरी सख्ती बरती हुई है, लेकिन इसके बावजूद फर्जी परीक्षार्थियों के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामले में पुलिस ने दो स्कूलों से 5 फर्जी छात्रों को पकड़ा है, जिनमें एक लड़की भी शामिल है।
जानकारी के मुताबिक, गांव सौंख स्थित राजकीय मिडिल स्कूल में शुक्रवार को 10वीं कक्षा का हिंदी का पेपर चल रहा था। सेंटर सुपरिटेंडेंट को शक हुआ और पूछताछ के दौरान पता चला कि एक छात्र फर्जी परीक्षार्थी है। संदेह बढ़ने पर पूरे सेंटर की जांच की गई, जिसमें एक छात्रा समेत चार फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए।
इसके अलावा, हाजी बख्शी मेमोरियल पब्लिक स्कूल सतपुतियाका से भी एक फर्जी छात्र को हिरासत में लिया गया। मौके पर पहुंची नूंह सदर पुलिस ने सभी फर्जी परीक्षार्थियों को पकड़कर मामला दर्ज कर लिया है।







