➤फरीदाबाद और बल्लभगढ़ में उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह
➤विधायक मूलचंद शर्मा ने ध्वजारोहण और मार्च पास्ट का निरीक्षण
➤शहीदों, वीरांगनाओं और उत्कृष्ट अधिकारियों का सम्मान
जिला मुख्यालय फरीदाबाद एवं उपमंडल बल्लभगढ़ में शुक्रवार को भारत देश की 79वीं स्वतंत्रता दिवस की धूमधाम के साथ उपमंडल स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। बल्लभगढ़ स्थित लघु सचिवालय में आयोजित इस समारोह में विधायक मूलचंद शर्मा ने ध्वजारोहण किया और मार्च पास्ट का निरीक्षण कर परेड को सलामी दी। समारोह में शामिल प्रतिभागी टुकड़ियों और बच्चों ने मनोहारी मार्च पास्ट एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्होंने देशभक्ति की भावना को और प्रगाढ़ कर दिया।

इस अवसर पर युद्ध वीरांगनाओं, शहीदों के आश्रितों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों तथा कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि विधायक मूलचंद शर्मा ने शहीद स्मारक पर जाकर स्वतंत्रता एवं देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन अनगिनत वीरों की बलिदानों की याद दिलाता है, जिनकी बदौलत हम आज स्वतंत्रता का सुख अनुभव कर रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से उन सैनिकों को श्रद्धांजलि दी, जो देश की सीमाओं पर कठिन परिस्थितियों में भी तिरंगे की शान को बनाए रखे हुए हैं।


विधायक ने यह भी बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत पूरा भारत तिरंगामय है और देशभक्ति की गूंज हर गली, हर मोहल्ले में सुनाई दे रही है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे इतिहास, संघर्ष और सपनों का जीवंत प्रतीक है और आज का दिन उन ज्ञात-अज्ञात शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का है, जिन्होंने भारत की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।
उपमंडल स्तरीय समारोह में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऊंचा गांव, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बल्लभगढ़, विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल घरोड़ा, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीही, सेंट जॉन स्कूल सेक्टर-7 और डीएवी पब्लिक स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर एसडीएम मयंक भारद्वाज, पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा, टिपर चंद शर्मा, बीईओ महेंद्र सिंह, युद्ध वीरांगनाएं, शहीदों के आश्रित तथा अन्य अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


