Faridabad हरियाणा में कांग्रेस में चल रही अंदरूनी कलह और गुटबाजी पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ोली ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। फरीदाबाद में दिए बयान में बड़ोली ने कांग्रेस के आंतरिक हालातों पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी का चाल, चरित्र और चेहरा अब जनता के सामने उजागर हो चुका है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने ही नेताओं के साथ हमेशा अपमानजनक व्यवहार किया है। इसका उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि अशोक तंवर को पार्टी में संगठन बनाने का मौका ही नहीं दिया गया और अंततः उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। हाल ही में प्रदेश अध्यक्ष उदयभान द्वारा प्रभारियों की सूची जारी करने के बाद उस पर रोक लगाने को भी उन्होंने कांग्रेस की अंदरूनी कलह का नतीजा बताया।
बड़ोली ने कुमारी सैलजा के साथ किए गए व्यवहार को भी अनुचित ठहराया और कहा कि कांग्रेस नेता अब एक-दूसरे का सम्मान करना भूल गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का डॉ. भीमराव आंबेडकर के प्रति दिखाया जा रहा समर्थन दिखावा मात्र है, क्योंकि उनके शासनकाल में आंबेडकर को कभी वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे।