Faridabad सोमवार को IMT इंडस्ट्रीज एसोसिएशन द्वारा आयोजित “हरियाणा सरकार इंडस्ट्रीज के साथ” कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस कार्यक्रम में फरीदाबाद के उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और हरियाणा के आर्थिक विकास और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में उद्योगों की भूमिका पर चर्चा की।
कार्यक्रम में हरियाणा सरकार में स्वतंत्र प्रभार मंत्री राजेश नागर, IMT प्रेसिडेंट वीर भान शर्मा, मुख्य संरक्षक एच.एल. भूटानी, और अन्य विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि IMT फरीदाबाद न केवल इस जिले की बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। उन्होंने बताया कि औद्योगिक प्रगति केवल व्यापार तक सीमित नहीं रहती, बल्कि यह पूरे जिले के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति देती है।
भारत की आर्थिक प्रगति पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि आज भारत तेजी से विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए उद्योगपतियों से सहयोग और नवाचार का आह्वान करते हुए कहा कि यह लक्ष्य केवल सरकारी प्रयासों से पूरा नहीं होगा। उद्योग जगत की सक्रिय भागीदारी से ही यह संभव है।