Faridabad के सेक्टर 19 में शुक्रवार की सुबह लगभग 3:50 बजे एक अखबार डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर पर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने अखबार के बंडलों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। जानकारी के मुताबिक अखबार के डिस्ट्रीब्यूटर सुनील कुमार ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से इसी स्थान से अखबार लेकर शहर में वितरित करते हैं। आज भी सुबह करीब 3:30 बजे अखबार के बंडल यहां पहुंचे थे। लगभग 2000 अखबार और तीन-चार डिस्ट्रीब्यूटर अखबारों को इकट्ठा कर रहे थे। तभी 3:50 बजे के आसपास एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश पेट्रोल की बोतल लेकर आए।
उन्होंने डिस्ट्रीब्यूटर्स को धमकाकर हटा दिया और अखबारों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। बदमाशों को देखकर डिस्ट्रीब्यूटर्स डर के मारे भाग गए। बदमाशों के भाग जाने के बाद डिस्ट्रीब्यूटर्स ने एकत्रित होकर पानी डालकर आग बुझाई। डिस्ट्रीब्यूटर्स को नहीं पता कि नकाबपोशों ने अखबारों में आग क्यों लगाई। घटना की सूचना डायल 112 को दी गई। पुलिस ने मौके पर आने की बजाय डिस्ट्रीब्यूटर्स को सुबह थाने में आकर शिकायत दर्ज कराने को कहा। इस घटना के पीछे की वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है। आगे की कार्रवाई पुलिस करेगी।