फरीदाबाद — ऑनलाइन रिश्तों पर आंख मूंद कर भरोसा करना एक महिला को भारी पड़ गया। फरीदाबाद की एक महिला को मैट्रिमोनियल साइट पर मिले एक विदेशी युवक ने पहले प्यार और भरोसे का जाल बुना, फिर गिफ्ट और डॉलर भेजने का झांसा देकर दो बार में कुल 1.36 लाख रुपये की ठगी कर ली।
महिला की शिकायत पर सक्रिय हुई साइबर थाना पुलिस ने मामले की जांच करते हुए दिल्ली के महरौली से एक नाइजीरियन नागरिक को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता, बल्लभगढ़ की भगत कॉलोनी की निवासी, ने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के माध्यम से एक युवक से हुई। उसने बताया कि वह जर्मनी में रहता है और उसका परिवार ब्राजील में है। धीरे-धीरे दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हुई। आरोपी ने महिला को विश्वास दिलाया कि वह जल्द ही अपने परिवार के साथ भारत शिफ्ट हो जाएगा।
कुछ समय बाद, आरोपी ने महिला को बताया कि वह उसके लिए गहनों, कपड़ों और अमेरिकी डॉलर से भरा हुआ गिफ्ट कोरियर कर रहा है। उसने गिफ्ट की तस्वीरें, वीडियो और एक फर्जी ट्रैकिंग लिंक भी भेजा।
11 अप्रैल को महिला को एक कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को कस्टम विभाग का अधिकारी बताया। उसने कहा कि उसके नाम पर दिल्ली एयरपोर्ट पर एक कोरियर आया है और उसे छुड़ाने के लिए ₹37,500 की कस्टम फीस जमा करनी होगी। महिला ने बिना संदेह किए यह रकम बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी।
कुछ ही घंटों बाद फिर से कॉल आया, इस बार कहा गया कि कोरियर में महंगे जेवर और ज्यादा डॉलर होने के कारण उसे अतिरिक्त ₹98,700 देने होंगे। महिला ने दूसरी बार भी पैसे भेज दिए, लेकिन उसके बाद उसे कोई कोरियर नहीं मिला और जिन नंबरों से कॉल आए थे, वे सभी बंद हो गए।
महिला को ठगी का एहसास होते ही उसने साइबर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद पुलिस ने इकेजा स्टेट लोगस नामक नाइजीरियन युवक को महरौली, दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2022 से भारत में रह रहा था और अपने एक साथी के साथ मिलकर मैट्रिमोनियल एप्स पर महिलाओं को निशाना बनाता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले महिलाओं से भावनात्मक जुड़ाव बनाता, फिर फर्जी गिफ्ट और कस्टम फीस के बहाने पैसे ठगता था। प्राप्त रकम को एटीएम से निकाल कर वह अपने नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचाता था। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

