लोकसभा चुनाव से ठीक पहले हरियाणा सरकार ने कई सौ करोड़ रुपये की परियोजनाएं जनता को समर्पित की हैं। जिसके तहत रोहतक लोकसभा क्षेत्र को भी 509 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लाभ मिलेगा। जिनका मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वर्चुअल तरीके से उद्घाटन व शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान रोहतक से भाजपा सांसद डॉ. अरविंद शर्मा और पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर मौजूद रहे।
इस दौरान भाजपा के दोनों नेताओं ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा परिवार पर जमकर निशाना साधा। रोहतक से भाजपा सांसद डॉ. अरविंद शर्मा और पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि हुड्डा परिवार सत्ता के सपने देखना छोड़ दे, क्योंकि देश की जनता का विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा की जनता का विश्वास मनोहर लाल खट्टर में है। जिसके चलते तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

वहीं दीपेंद्र सिंह हुड्डा के अधिकारियों को धमकाने के वायरल वीडियो को लेकर भी दोनों नेताओं ने जमकर खिंचाई की। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में अधिकारी किसी नेता की जूती नहीं उठाते, वह जनहित के काम करते हैं। इस तरीके से अधिकारियों को धमकाना उनकी इस पुरानी मंशा को दर्शाता है, जो यह अपनी सरकार के दौरान अधिकारियों के साथ किया करते थे।

उन्होंने कहा कि 2-2 रुपये के चैक बांटने वाले आज अधिकारियों को धमकाने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस का यह रवैये बिल्कुल गलत है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा सबका साथ सबका विकास की बात की है। उसी तर्ज पर देश और प्रदेश में विकास कार्य करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि आज कोई पत्थर ऐसा नहीं लगा है, जिसके तहत विकास कार्य न करवाए गए हो।

भाजपा सांसद डॉ. अरविंद शर्मा और पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि भाजपा आगे भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में देश और प्रदेश को विकास की तरफ अग्रसर करेगी। वहीं मनीष ग्रोवर ने दावा करते हुए कहा कि भाजपा रोहतक लोकसभा की सीट एक लाख से ज्यादा वोटों से जीतेंगी।