सीईटी परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को मिलेगी निःशुल्क बस सेवाएं, बसों में 1 घण्टा पहले आकर करवा सकेंगे अपनी सीट आरक्षित

गुरुग्राम

डीसी निशांत कुमार यादव ने बताया कि 5 और 6 अगस्त को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा ली जाने वाली परीक्षाओं के लिए परीक्षार्थियों का किराया फ्री किया गया है। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक लाने और वापिस ले जाने के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाई गयी है। इसके अलावा महिला परीक्षार्थियों के साथ सहायक के तौर पर परिवार का एक सदस्य भी निःशुल्क यात्रा कर सकेगा।

5 जिलों में होगी परीक्षा

डीसी ने बताया कि पाँच जिलों-पंचकुला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और हिसार में ग्रुप-56 व 57 के तहत विभिन्न पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जानी है। इस परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों के सुगम आवगमन के लिए हरियाणा राज्य परिवहन गुरुग्राम की ओर से पर्याप्त बसों की व्यवस्था की गई है। परीक्षार्थी गुरुग्राम बस अड्डे पर बस चलने के निर्धारित समय से एक घण्टा पहले आकर अपना प्रवेश पत्र दिखाकर अपनी सीट आरक्षित करवा सकते हैं।

Whatsapp Channel Join

क्या रहेगी समय सारणी

हरियाणा राज्य परिवहन गुरुग्राम की ट्रैफिक मैनेजर ऋतु शर्मा ने बताया कि 05 अगस्त को होने वाली परीक्षा के लिए गुरुग्राम बस अड्डे से 04 अगस्त को पंचकूला के लिए रात्रि 12:00 बजे, कुरुक्षेत्र के लिए रात्रि 02 बजे, हिसार और करनाल के लिए रात्रि 03 बजे व पानीपत के लिए 05 अगस्त को प्रातः 4 बजे बसे रवाना की जाएंगी।

इस प्रकार 06 अगस्त को होने वाली परीक्षा के लिए 05 अगस्त को पंचकूला के लिए रात्रि 12:00 बजे, कुरुक्षेत्र के लिए रात्रि 02 बजे, हिसार व करनाल के लिए रात्रि 03 बजे और पानीपत के लिए 06 अगस्त को प्रातः 4 बजे बसे रवाना की जाएंगी। उन्होंने बताया कि बसों से जुड़ी जानकारी के लिए दूरभाष संख्या 0124-2320222 और मोबाइल नम्बर 9306068221 पर सम्पर्क कर सकते हैं।