ct 3

शहीद लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के परिवार को 50 लाख और नौकरी, हरियाणा सरकार का ऐलान

हरियाणा
  • CM नायब सैनी ने शहीद लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के परिवार को 50 लाख और नौकरी देने का ऐलान किया
  • हरियाणा सरकार ने प्रदेश में रह रहे 460 पाकिस्तानियों को निकालने का आदेश जारी किया
  • महिला आयोग अध्यक्ष रेणु भाटिया और पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख ने शहीद परिवार से मिलकर जताया शोक

Haryana removes Pakistani nationals: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में शहीद हुए करनाल के लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के परिवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विनय नरवाल के माता-पिता परिवार के जिस सदस्य को चाहेंगे, उसे सरकार की नीति के अनुसार नौकरी दी जाएगी।
इधर, प्रदेश सरकार ने हरियाणा में रह रहे 460 पाकिस्तानियों को निकालने के आदेश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बातचीत के बाद गृह विभाग को इसकी प्लानिंग तैयार करने का निर्देश दिया। सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक, इनमें अधिकांश हिंदू परिवार हैं जिन्होंने भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन भी किया था, लेकिन अभी तक उस पर फैसला नहीं हो पाया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मोहाली के डेराबस्सी में कहा कि यदि कोई पाकिस्तानी वीजा पर हरियाणा में रुका हुआ है तो उसे 24 घंटे में पकड़कर वापस भेजा जाए।
इस बीच, हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया शनिवार को करनाल में विनय नरवाल के घर पहुंचीं। परिवार से मिलने के बाद वे भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू निकल आए। रेणु भाटिया ने कहा कि वह खुद कश्मीर की बेटी हैं और बचपन में आतंकवाद का दर्द झेल चुकी हैं।
पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख भी शुक्रवार देर रात करनाल के सेक्टर-7 स्थित विनय नरवाल के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार से मिलकर शोक जताया और कहा कि यह केवल एक परिवार की नहीं, पूरे देश की क्षति है। मनकीरत ने कहा कि विनय नरवाल को देखकर ऐसा लगा जैसे वह उनके अपने परिवार का बच्चा था।
उधर, विश्व हिंदू परिषद (VHP) के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री सुरेंद्र जैन ने रोहतक में प्रदर्शन के दौरान कहा कि भारत की धरती पर हिंदुओं की लाशें गिराई जा रही हैं। आतंकवादी लोगों से धर्म पूछकर हत्या कर रहे हैं। सुरेंद्र जैन ने कहा कि अब शोक सभाएं नहीं, बल्कि संकल्प सभाएं होंगी और भारत जल्द ही आतंकवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करेगा।