Haryana में तिगांव विधानसभा सीट से भाजपा विधायक राजेश नागर राज्य मंत्री बनने के बाद रविवार (20 अक्टूबर) को फरीदाबाद पहुंचे। दिल्ली बदरपुर बॉर्डर पर कार्यकर्ताओं ने फूलों की बारिश कर उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद सराय इलाके में भी उनका भव्य स्वागत किया गया।
मंत्री बनने के बाद राजेश नागर के उत्साह का आलम ऐसा था कि उन्होंने बिना किसी सुरक्षा प्रबंध के क्रेन पर चढ़कर ऊपर से ही लोगों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद उनका काफिला केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के आवास के लिए रवाना हो गया।
जनता का आभार व्यक्त किया
राजेश नागर ने कहा, “मैं अपनी क्षेत्र की जनता का आभार प्रकट करता हूं कि उन्होंने मुझे इतना प्यार और मान-सम्मान दिया। जिस विश्वास के साथ जनता ने मुझे विधानसभा में भेजा, मैं उस विश्वास को कायम रखूंगा। मैं बेटे और भाई की तरह हमेशा उनके साथ खड़ा रहूंगा। हमारा उद्देश्य है कि हरियाणा को मॉडर्न हरियाणा बनाएं और विकास के मामले में इसे देश के अन्य राज्यों में पहले स्थान पर लाएं।”
लगातार दूसरी बार विधायक बने
राजेश नागर ने विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी ललित नागर को लगभग 38 हजार वोटों से हराया था। लगातार दूसरी बार विधायक बनने के बाद भाजपा ने उन पर विश्वास जताया और 17 अक्टूबर को उन्हें राज्य मंत्री पद की शपथ दिलाई।
कैबिनेट मंत्री अनिल विज की चेतावनी
शनिवार को अंबाला कैंट से भाजपा विधायक और कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा, “काम किया है और काम करेंगे, यह मेरा हमेशा से नारा रहा है। यहां वही अधिकारी रह सकेगा जो इस नारे के साथ काम करेगा।”
राव नरबीर की सख्त हिदायत
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर ने शुक्रवार को गुरुग्राम में अधिकारियों की मीटिंग के दौरान कहा, “जो अधिकारी पैसे लेकर काम करेगा, उस पर सख्त कार्रवाई होगी। उसे जेल भेजकर पैसे वसूले जाएंगे। किसी भी अधिकारी की शिकायत आई तो मेरे से बुरा कोई नहीं होगा। सभी के पास दिवाली तक का समय है, अपने आकाओं से बात कर लें, बचाने वाला कोई नहीं होगा।”







