हरियाणा के पानीपत जिले के मतलौडा कस्बे में एक स्पेयर पार्टस की दुकान में रंजिशन एक व्यक्ति ने आग लगा दी। हालांकि समय रहते दुकानदार को आग का पता लगा था। किसी तरह उसने आग पर काबू पाया, लेकिन तब भी उसका करीब 5 लाख का सामान जलकर राख हो गया था। दुकानदार इसे शॉर्ट सर्किट समझ रहा था। लेकिन मामले का खुलासा उस वक्त हुआ, जब पुलिस ने दुकानदार को फोन कर बताया कि आग उसके पड़ोसी ने लगाई है। जिसके बाद उसने सीसीटीवी भी चेक किए। मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
मतलौडा थाना पुलिस को दी शिकायत में संदीप कुमार ने बताया कि वह गांव मतलौडा का रहने वाला है। उसकी मतलौडा में सागवान स्पेयर पार्टस के नाम से दुकान है। 9 अक्टूबर की शाम करीब साढ़े 7 बजे वह अपनी दुकान को ठीक प्रकार से बंद कर घर गया था। रात को खाना खाकर वह घर की छत पर टहल रहा था तो इसी दौरान उसने दुकान की ओर से धुआं उठता हुआ देखा। वह तुरंत दुकान पर गया तो देखा कि दुकान पर ही आग लगी हुई थी। उसने अपने छोटे भाई प्रदीप के साथ मिलकर दुकान खोलकर आग बुझाई। उस समय मौके पर अन्य व्यक्तियों ने आग बुझाने में सहयोग किया।
सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो पता चला नरेश ने लगाई आग
दुकान का काफी सामान जल गया है। दुकान में आग लगने से 4 लाख 84 हजार का नुकसान हुआ है। उसने 10 अक्टूबर को दुकान के सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो पता चला कि दुकान में नरेश ने जान बूझकर आग लगाई है। क्योंकि आरोपी के साथ काफी सालों पहले कहासुनी हुई थी। उस दौरान उसने नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी।
खुद जाकर सरेंडर किया, बोला- मैं आग लगाकर आया हूं
संदीप ने बताया कि उनके पास 10 अक्टूबर को थाने से पुलिस का फोन आया। जिन्होंने बताया कि नरेश ने दुकान में आग लगाई है। वह थाने में सरेंडर कर चुका है। दरअसल, आग लगाने के बाद आरोपी भागता हुआ थाने में गया, जहां उसने बताया कि वह आग लगा कर आया है। उसे लगा कि उसके पीछे लोग लग गए हैं, इसलिए वह दौड़ता थाने में सरेंडर करने आया है।

