download 4

Haryana : समालखा विधायक धर्म सिंह छौक्कर व दोनों बेटों के गैर जमानती वारंट, ईडी पहुंची गुरूग्राम कोर्ट

पानीपत राजनीति हरियाणा

समालखा हलके से कांग्रेस विधायक धर्म सिंह छौक्कर व उनके दोनों बेटों सिकंदर व विकास के खिलाफ गुरुग्राम कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी कर दिए गए हैं। छौक्कर व उनके दोनों बेटे ईडी द्वारा बार-बार बुलाए जाने पर भी जांच में शामिल नहीं हुए। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में धर्म सिंह छौक्कर व उनके परिवार के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं। कोर्ट में ईडी द्वारा कहा गया है कि धर्म सिंह छौक्कर व उनका बेटा सिकंदर ईडी की जांच में शामिल नहीं हो रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ईडी पहले ही महिरा इन्फोर्समेंट प्राइवेट लिमिटेड के गुरुग्राम ऑफिस सहित कुछ जगह को सील करने के नोटिस चस्पा चुकी है। ईडी द्वारा 4 करोड़ की कीमत की चार गाड़ियां, बैंक खाते, 14.5 लाख की ज्वेलरी, 4.5 लाख कैश भी सीज किया गया था। विधायक व बेटों पर मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज है और तीनों करीब सवा दो महीने से फरार चल रहे हैं।

बता दें कि प्रर्वतन निदेशालय (ईडी) ने 25 जुलाई को समालखा के कांग्रेस विधायक धर्म सिंह छौक्कर के समालखा व गुरुग्राम स्थित आवास पर दबिश दी थी। यहां तीन दिन तक चली जांच में ईडी को कुछ खास हाथ नहीं लगा था। उनकी गुरुग्राम स्थित कोठी से चार गाड़ियों को जब्त किया गया था, समालखा स्थित आवास पर उनके एक बड़े भाई थे। बाकी परिवार के सदस्य गुरुग्राम की कोठी पर थे। विधायक धर्म सिंह छौक्कर, उनके पुत्र सिकंदर और विकास फरार हो गए थे। ईडी ने इसके बाद तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया था। धर्म सिंह इस मामले में राहत पाने के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट पहुंच गए थे।

Whatsapp Channel Join

क्या था मामला

कांग्रेस विधायक धर्म सिंह छौक्कर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबियों में से हैं। उनके बेटों का गुरुग्राम में रियल एस्टेट का काम है। उनकी एक कंपनी पिछले दिनों विवादों में आ गई थी। स्थानीय पुलिस ने इसमें मुकदमा दर्ज कर लिया था। जिसमें करोड़ों रुपए का लेन-देन होना सामने आया। ईडी ने इस मामले को आधार मानकर विधायक धर्म सिंह छौक्कर की संपत्ति की जांच की थी।