weather 2

हरियाणा में फ‍िर मानसून पकडेगा रफतार, इन जिलों में झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया Alert

हरियाणा

➤पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में 24 जुलाई को भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी।

➤25 और 26 जुलाई को मानसून की गतिविधियों में कमी, अधिकतर जिलों में हल्की बारिश की संभावना।

➤इस सीजन में औसतन 201.7 मिमी बारिश दर्ज, सामान्य से 21% अधिक वर्षा हुई है।

Whatsapp Channel Join

हरियाणा में मानसून की सक्रियता के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। 24 जुलाई को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर जिलों में भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं सुबह से ही हिसार, यमुनानगर, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, झज्जर और चरखी दादरी में बादल छाए हुए हैं और बारिश के आसार बने हुए हैं।

IMD के अनुसार, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में 0 से 25% तक बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल जिलों में 25 से 50% तक वर्षा की संभावना है। सबसे अधिक वर्षा की संभावना पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कैथल में है, जहां 75 से 100% तक बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।

अब तक इस मानसून सीजन में हरियाणा में औसतन 201.7 मिमी बारिश हो चुकी है, जो कि सामान्य से 21% अधिक है। 23 जुलाई तक जहां सामान्यतः 166.3 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, वहीं अब तक औसतन 201.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। यमुनानगर जिले में सबसे अधिक 475.3 मिमी और कैथल में सबसे कम 93.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

25 से कमजोर होगा मानसून, बारिश की गतिविधियों में गिरावट

25 जुलाई से मानसून में कमी आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, सिरसा और फतेहाबाद में बारिश की संभावना नहीं है और मौसम साफ रहेगा। इसके अलावा 12 जिलों—कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, झज्जर, रेवाड़ी, मेवात और पलवल—में 0 से 25% बारिश की संभावना है। वहीं, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद में 25 से 50% वर्षा हो सकती है। इस दिन किसी जिले के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

26 जुलाई को भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है, यानी आंशिक बादल और कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।

27 जुलाई को फिर सक्रिय हो सकता है मानसून

27 जुलाई को भी भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं जारी किया गया है, लेकिन पंचकूला, यमुनानगर और करनाल में 75 से 100% वर्षा की संभावना है। अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है:

  • 0 से 25% वर्षा: सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, रोहतक, भिवानी, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी और रेवाड़ी।
  • 25 से 50% वर्षा: अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल।

इस दौरान किसानों और आम नागरिकों को बारिश से जुड़ी सूचनाओं पर ध्यान देने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।