हरियाणा के 13 जिलों में 50 से 75 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई गई है
6 से 9 मई तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है
अधिकतम तापमान में 3.9 डिग्री की औसतन गिरावट, अंबाला में 8.8 डिग्री की कमी रिकॉर्ड की गई
Haryana Rainfall: हरियाणा में इस हफ्ते तेज बारिश और आंधी-तूफान का सिलसिला चलने वाला है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 6 मई से लेकर 9 मई तक राज्य के अधिकांश जिलों में गरज और चमक के साथ बारिश हो सकती है, जिसकी संभावना 25 से 75 प्रतिशत तक आंकी गई है। मंगलवार को अंबाला समेत कई इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही हैं और आसमान बादलों से ढका है, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
6 मई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात व पलवल जैसे जिलों में 50 से 75 प्रतिशत तक बारिश होने की संभावना है, जबकि कुरुक्षेत्र, जींद, रोहतक, झज्जर व फरीदाबाद में 25 से 50 प्रतिशत और कैथल, करनाल, पानीपत व सोनीपत में 25 प्रतिशत तक बारिश की उम्मीद है। साथ ही 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है।
7 मई को भी पूरे राज्य में बारिश की संभावना जताई गई है, लेकिन सिरसा, फतेहाबाद, जींद और हिसार में यह केवल 25 प्रतिशत तक सीमित रह सकती है। अन्य जिलों में यह 25 से 50 प्रतिशत तक रह सकती है। वहीं 8 मई को केवल पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल व करनाल में 25 प्रतिशत तक बारिश हो सकती है, जबकि शेष प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। 9 मई को फिर से पूरे हरियाणा में बरसात की संभावना है।
तापमान की बात करें तो सोमवार को पूरे हरियाणा में अधिकतम तापमान में औसतन 3.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई है। प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से 8.6 डिग्री नीचे चला गया है। अंबाला में सबसे अधिक गिरावट 8.8 डिग्री की दर्ज की गई जिससे वहां का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रह गया। हिसार के बालसमंद में 4.3 डिग्री की गिरावट के बाद अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री दर्ज किया गया। भिवानी 34.3 डिग्री के साथ सबसे गर्म जिला रहा।