- राहुल गांधी शहीद लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की पत्नी हिमांशी से करेंगे मुलाकात
- हिमांशी को मुसलमानों व कश्मीरियों के समर्थन में दिए बयान पर किया गया ट्रोल
- कांग्रेस और राष्ट्रीय महिला आयोग ने हिमांशी के समर्थन में उठाई आवाज
Rahul Gandhi to Meet Himanshi: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए नौसेना लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के परिजनों से मुलाकात करेंगे। राहुल गांधी विशेष रूप से हिमांशी नरवाल से मिलेंगे, जो सोशल मीडिया पर निशाना बनाए जाने के चलते चर्चा में हैं।
दरअसल, हमले के बाद हिमांशी ने एक बयान में लोगों से मुसलमानों और कश्मीरियों को निशाना न बनाने की अपील की थी, जिसके बाद उन्हें ऑनलाइन ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें से अधिकतर पर्यटक थे। कांग्रेस पार्टी ने हिमांशी के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई है और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव से सोशल मीडिया पर ट्रोल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने कहा कि शहीद की पत्नी के खिलाफ जहर उगलने वाले लोग नीच, नराधम और निर्लज्ज हैं।
इस मुद्दे पर राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) भी हिमांशी के समर्थन में उतर आया है। आयोग ने अपने बयान में कहा कि किसी महिला को उसके वैचारिक मतभेद के कारण ट्रोल करना अस्वीकार्य है। आयोग ने यह भी कहा कि भले ही उनके विचार कुछ लोगों को असहज करें, लेकिन प्रतिक्रिया देना संविधान की सीमाओं और सभ्य संवाद की मर्यादा में रहना चाहिए। यह मामला अब केवल एक सोशल मीडिया विवाद नहीं रहा, बल्कि यह दर्शाता है कि शहीद के परिवार को भी वैचारिक असहमति की सजा भुगतनी पड़ रही है, जो एक गंभीर सामाजिक चिंतन का विषय है।

