blast

Hisar में एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट से 3 की मौत, 2 घायल

हिसार

हरियाणा के Hisar में एलपीजी सिलेंडर में ब्लास्ट के बाद आग से झुलसे पांच व्यक्तियों में से पति-पत्नी समेत तीन की बीती रात इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों में एक पड़ोसी भी शामिल है। पति-पत्नी को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जबकि दो अन्य घायलों का अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

दरअसल हिसार के आदमपुर खंड के गांव सलेमगढ़ में 27 मई को कुलदीप अपने परिवार के साथ घर पर था। उसकी पत्नी मीरा शाम को 5 बजे के करीब चाय बनाने के लिए रसोई में गई थी। जैसे ही उसने गैस चूल्हा जलाने का प्रयास किया, अचानक आग भड़क गई और सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ। कुलदीप और मीरा तेजी से घर से बाहर निकले, लेकिन उनके बाहर निकलते ही सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में पड़ोसी दिनेश, दीपचंद सोनी और सुलोचना भी झुलस गए थे।

मृतकों की जानकारी

पांचों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुलदीप और मीरा की हालत ज्यादा गंभीर थी और उन्हें दिल्ली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बीती रात को दिनेश की हिसार में और कुलदीप व उनकी पत्नी मीरा की दिल्ली में मौत हो गई। दीपचंद सोनी और सुलोचना का इलाज अभी भी निजी अस्पताल में जारी है।

Whatsapp Channel Join

घटना के चश्मदीद

अमित ने बताया कि वह मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है। सोमवार को वह अपनी बुआ सुलोचना के घर आया था। कुलदीप के घर सिलेंडर फटने की आवाज सुनकर उसकी बुआ सुलोचना, दीपचंद सोनी और दिनेश घर की तरफ गए, जहां वे भी आग की चपेट में आ गए। सभी झुलसे लोगों को हिसार के सोनी बर्न अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सीसीटीवी फुटेज

गांव सलेमगढ़ में 27 मई को हुए सिलेंडर ब्लास्ट का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि कुछ व्यक्ति, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं, एक घर में झांकते हैं और कुछ देर बाद अंदर जाते ही सिलेंडर में ब्लास्ट हो जाता है और वे आग से घिर जाते हैं। इसके बाद घर में आग लग जाती है। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया।

मृतकों का परिवार

दिनेश आग से 60 प्रतिशत तक झुलस गया था और डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। उसके दो बच्चे हैं और गांव में ज्वेलरी की दुकान है। कुलदीप खेती बाड़ी का काम करता था और उसकी पत्नी मीरा गृहिणी थी। उनके दो लड़के और एक लड़की हैं। कुलदीप के भाई की कई साल पहले मौत हो चुकी है।

अन्य खबरें