हिसार बस अड्डा के सामने सोमवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। शराब के नशे में धुत एक गाड़ी चालक ने पांच लोगों को टक्कर मार दी। पांचों लोग बुरी तरह घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त गाड़ी को कब्जे में ले लिया।
कौन-कौन हुआ हादसे का शिकार
कार चालक ने वहां स्कूटी के साथ खड़े एक युवक, बस अड्डा पर भुजिया बेचने वाले युवक और एक साइकिल सवार युवक सहित दो अन्य को टक्कर मार दी। भुजिया बेचने वाले युवक का हाथ और टांगें टूट गई। घायलों को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त गाड़ी औऱ साइकिल को कब्जे में ले लिया है।
कार चालक ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर
मिल गेट एरिया में जिंदल पार्क के पास रहने वाला 35 वर्षीय प्रमोद सोनी बस अड्डा के पास किसी के आने का इंतजार कर रहा था। वह स्कूटी लेकर बस अड्डा के गेट के पास खड़ा हुआ था। उसी दौरान एक कार चालक तेजी से गाड़ी चलाते हुए आया और सीधे स्कूटी और प्रमोद को टक्कर मार दी। जिससे प्रमोद गंभीर रूप से घायल हो गया।
वारदात के बाद गाड़ी में सवार लोग हुए फरार
इसके अलावा गाड़ी चालक ने वहां गेट पर खड़े एक भुजिया बेचने वाले महावीर कॉलोनी के निवासी रमेश को भी टक्कर मारी। जिससे वह घायल हो गया। वहीं साइकिल के साथ खड़े एक अन्य युवक को टक्कर मार दी। इसके साथ दो अन्य को भी टक्कर मारी है। जिससे वे दोनों घायल हो गए। गाड़ी के अंदर चार लोग सवार थे। वारदात करने के बाद सभी गाड़ी छोड़कर भाग गए।

