सोनीपत में जिला व्यापार मंडल के तत्वावधान में व्यापारियों ने नगर निगम की ओर से दुकानदारों के नाजायज रूप से चालान काटने के विरोध में रोष जताया। मामले को लेकर व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल नगर निगम कार्यालय में मेयर निखिल मदान से मिला और उन्हें मामले से अवगत कराया।
व्यापारियों ने कहा कि अगर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वह अपनी दुकानों पर मैं नगर निगम सोनीपत का विरोध करता हूं, के बोर्ड लगाकर कार्रवाई का विरोध करेंगे। मेयर निखिल मदान ने व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल की समस्या सुनते हुए समाधान करवाने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा है। साथ ही निगम अधिकारियों की ओर से जिला व्यापार मंडल के साथ जागरूकता अभियान चलाने की बात कहीं। जिस व्यापारियों ने मंजूरी देते हुए मेयर निखिल मदान को सहयोग का आश्वासन दिया।
कांग्रेस, भाजपा व जजपा ने दिया व्यापारियों का साथ
कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार, मेयर निखिल मदान, भाजपा नेता एवं मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन, भाजपा नेता ललित बत्रा व जजपा के जिलाध्यक्ष राजसिंह दहिया ने व्यापारियों का समर्थन करते हुए जिला व्यापार मंडल को अपना समर्थन दिया है। बैठक में मंडल के चेयरमैन संजय वर्मा, प्रधान संजय सिंगला, वरिष्ठ उप प्रधान सुशील स्याल, महासचिव नरेंद्र धवन, कोषाध्यक्ष रविंद्र सरोहा, उप प्रधान राकेश चोपड़ा, पवन तनेजा, युवा प्रधान हिमांशु कुकरेजा मौजूद रहे।

