हरियाणा के यमुनानगर जिले जगाधरी के गुप्ता पैलेस के बाहर शिक्षा मंत्री आवास से कुछ दूरी पर सैकड़ो आशा वर्कर्स ने शुक्रवार को अपनी मांगों को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। 73 दिन की हड़ताल के बाद हुए आपसी समझौते पर सरकार की वायदा खिलाफी को लेकर आशा वर्कर्स ने शुक्रवार को एक बार फिर सड़कों पर उतरी और जगाधरी में गुप्ता पैलेस के नजदीक बड़ी संख्या में इकठ्ठा हुई। उन्होंने शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर के निवास का घेराव कर ज्ञापन देने का ऐलान किया। इस मौके पर पुलिस प्रशासन भी मौजूद रहा।
बातचीत कंरते हुए जिला अध्यक्ष नीरू बाला ने बताया कि सरकार ने हमारे साथ वायदा खिलाफी की है। उन्होंने कहा कि 73 दिन से चली आ रही हड़ताल को खत्म करने के लिए सरकार के साथ टेबल पर बातचीत हुई थी कि हमारा हड़ताल के समय का वेतन छह हजार रूपये नही काटा जाएगा। लेकिन सरकार ने दो हजार रूपये ही दिए और बाकी चार हजार रूपये नहीं दिए और फाइल बंद कर दी। इसको लेकर गुरुवार को सभी आशा वर्कर्स पंचकूला में महानिदेशक से मिलने जा रही थी। लेकिन आशा वर्कर्स की गाड़ियों को रास्ते में रोक दिया गया और उन गाड़ियों के कागज भी रख लिए। उनके साथ पुलिस ने दुर्व्यवहार किया। पुलिस उन्हें अपनी गाड़ियों में ले जाकर कई घंटे घूमाती रही और दूर ले जाकर छोड़ा। वहीं पंचकूला की आशा वर्कर्स को यमुनानगर में लाकर छोड़ा गया।

उन्होंने कहा कि हमारे साथ पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार किया गया है। जब हम दिन-रात काम करती हैं उस समय सरकार या पुलिस हमें सुरक्षा नहीं देती। कल हम महानिदेशक से अपनी बात करने जा रहे थे। क्योंकि महानिदेशक ने हमारे बकाया चार हजार रुपये की फाइल को बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में राज्य इकाई दिशा निर्देश पर आज सभी भाजपा नेताओं का घेराव करने का आह्वान किया गया है। उन्होंने कहा कि आज हम जिले भर से आई सभी आशा वर्कर्स स्कूल शिक्षा मंत्री कंवर पाल के निवास का घेराव करेंगी और उन्हें अपना मांग पत्र देंगे।

