➤अर्जुन चौटाला का पंजाब सीएम भगवंत मान पर हमला
➤कहा- पंजाब हरियाणा के अधिकारों पर डाका डाल रहा
➤SYL नहर और पानी विवाद पर कड़ा रुख
हरियाणा के सिरसा जिले की रानियां विधानसभा सीट से इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के विधायक अर्जुन चौटाला ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा और विवादित बयान दिया। गुरुवार रात भिवानी के बवानीखेड़ा में दौरे के दौरान उन्होंने कहा—
“पंजाब का मुख्यमंत्री भगवंत मान पियक्कड़ कौआ है। उन्हें होश में रहकर काम करना चाहिए, क्योंकि उनका भरोसा नहीं कि वे कितनी घूंट मारकर आ जाएं और क्या बात कह दें।”
चौटाला ने आगे तंज कसते हुए कहा—
“एक बेवड़ा आदमी प्रदेश चला रहा है। मैं तो भगवान से यही प्रार्थना करता हूं कि वह होश में बैठ जाए, यही बहुत है।”
AAP का पलटवार
अर्जुन चौटाला के बयान पर आम आदमी पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। पंजाब के AAP प्रवक्ता नील गर्ग ने आरोप लगाया कि यह राजनीति को रसातल में ले जाने की कोशिश है, वो भी ऐसे नेताओं द्वारा, जिनके पास न तमीज है, न तथ्यों का ज्ञान और न जनसेवा का रिकॉर्ड। उन्होंने कहा—
“पहले हरियाणा में अपनी पार्टी की जमीन बचाइए। INLD तो खुद वेंटिलेटर पर है। जो नेता अपने क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल भी ठीक से नहीं चला सके, वो पंजाब के मुख्यमंत्री को ज्ञान दे रहे हैं।”
हरियाणा AAP अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने भी निशाना साधा—
“ये वही लोग हैं जो नौकरियों के भ्रष्टाचार में जेल में रह चुके हैं। इन्हें खुद से सवाल करना चाहिए। पंजाब में CM ने शिक्षा व्यवस्था, बिजली और सिंचाई सिस्टम सुधार दिया है, जबकि हरियाणा में आज भी स्कूलों और किसानों की हालत खराब है।”
जलभराव का दौरा और किसानों की समस्याएं
धनाना गांव में जलभराव का निरीक्षण करने पहुंचे अर्जुन चौटाला ने ग्रामीणों से बातचीत की और कई मुद्दे उठाए।

SYL के पानी पर हक
चौटाला ने कहा कि SYL का पानी हरियाणा का हक है और इसका सबसे ज्यादा फायदा भिवानी को होगा। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाए।

भगवंत मान पर चुटकुला
विधायक ने भगवंत मान पर व्यंग्य करते हुए एक चुटकुला भी सुनाया—
“पंजाब का मुख्यमंत्री एक पियक्कड़ कौआ है… ‘वन्स देयर वज अ क्रो… ओथे पेंदी सी अग, लाल परी दा जग… मुख्यमंत्री पैग मार के वो गया-वो गया।’ यही हाल पंजाब का है।”
किसानों के मुआवजे की मांग
चौटाला ने कहा कि उन्होंने भिवानी के 12 गांवों में जलभराव का दौरा किया है। जहां फसलें ड्रेन के ओवरफ्लो और पानी छोड़ने से खराब हुई हैं, वहां सरकार को प्रति एकड़ 50 हजार रुपये मुआवजा देना चाहिए।
“अगर प्रधानमंत्री की रैली के लिए 50 हजार रुपये प्रति एकड़ दिए जा सकते हैं, तो किसानों को प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान पर भी वही राशि दी जाए।”
विधानसभा में मुद्दे उठाने का ऐलान
चौटाला ने कहा कि वे इस मामले को विधानसभा में उठाएंगे। उन्होंने DAP खाद की कमी का मुद्दा भी छेड़ा और बीजेपी को किसान हितैषी साबित करने की चुनौती दी।
कांग्रेस पर हमला
विधानसभा में विपक्ष की भूमिका पर बोलते हुए उन्होंने कहा—
“कांग्रेस अब भी सदमे में है कि उसकी सरकार नहीं बनी। हुड्डा साहब, सदमे से बाहर आइए और विपक्ष की भूमिका निभाइए, नहीं तो हम निभाएंगे।”
कानून व्यवस्था पर चिंता
अभय चौटाला को मिली धमकी पर अर्जुन चौटाला ने कहा कि यह हरियाणा में बिगड़ती कानून व्यवस्था का सबूत है। उन्होंने सफीदों में बीजेपी नेता के बेटे की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में धीरे-धीरे जंगलराज पनप रहा है।
AAP का पलटवार — पंजाब बनाम हरियाणा तुलना
AAP अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने कहा—
“पंजाब में हर खेत को पानी मिल रहा है, बिजली व्यवस्था सुधर गई है और नशा घटा है। पहले ‘उड़ता पंजाब’ कहा जाता था, लेकिन अब हरियाणा में नशे की हालत ज्यादा खराब है। पंजाब के युवा अब वहीं रह रहे हैं, जबकि हरियाणा के युवा विदेश जाने को मजबूर हैं।”