हरियाणा के जिला झज्जर के गांव निमाना की पलक ने एशियन गेम में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश की झोली में 2 मेडल डाले। पलक ने 10 मीटर एयर पिस्टल इंडिविजुअल में 242.1 स्कोर के साथ गोल्ड मेडल जीता। वहीं टीम इवेंट में पलक ने सिल्वर मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया। पलक की इस उपलब्धि पर गांव में खुशी का माहौल है।
पलक के ताऊ पूर्व पार्षद जगबीर सिंह उर्फ काला प्रधान ने बताया कि उसके भाई जोगेंद्र की तीन बच्चे (2 बेटियां व एक बेटा) है। जिनमें से पलक सबसे बड़ी है। पलक ने गुरुग्राम स्कूल में पढ़ाई के दौरान वर्ष 2018 में शूटिंग करना शुरू किया था। इसके बाद पलक कई मेडल जीत चुकी है। वह फरीदाबाद की कर्ण सिंह रेंज में अभ्यास करती थी। वहीं शूटिंग का चयन करने के बाद परिवार का पूरा सहयोग रहा और पलक हर प्रतियोगिता में जीत हासिल करती।
गांव में खुशी का माहौल
पलक की इस उपलब्धि पर गांव में भी खुशी का माहौल है। गांव के लोगों ने इकट्ठा होकर खुशी मनाई और एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाकर बधाई दी। जिनमें पलक के ताऊ पूर्व पार्षद जगबीर सिंह उर्फ काला प्रधान, मलखान सिंह सरपंच प्रतिनिधि, भीम सिंह पहलवान, अनार सिंह ठेकेदार, वीरभान, नौगामा प्रधान सत्पाल सिंह, दारा सिंह नंबरदार आदि शामिल रहे।

