हरियाणा के Jind में सफीदों रोड पर सर्विस स्टेशन पर गाड़ी धो रहे युवक को गोली लग गई। गोली युवक के जबड़े में फंसी है। गोली गाड़ी के डैसबोर्ड में मिले पिस्तौल को चैक करते हुए लगी। युवक को गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। घटना को लेकर पुलिस छानबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार हैबतपुर गांव निवासी आशीष व शिवम सफीदों रोड पर एक सर्विस स्टेशन पर गाड़ियां धोने का काम करते हैं। मंगलवार को करीब 11 बजे एक गाड़ी को धोते समय आशीष को गाड़ी के डैशबोर्ड में पिस्तौल रखी देखी। उसने पिस्तौल को डैशबोर्ड से निकाल लिया और इसे चेक करने लगा। इतने में गोली चल गई और यह सीधे आशीष के जबड़े में जा धंसी।
आशीष लहूलुहान होकर वहीं पर गिर गया। शिवम व अन्य ने उसे जींद के सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां से उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया है। गोली अभी भी जबड़े में ही धंसी है। सिविल लाइन थाना पुलिस घटना की जानकारी के बाद सिविल अस्पताल पहुंची और इसके बाद घटनास्थल पर जांच के लिए गई है। मामले की जांच की जा रही है।







