जी.जी.एस. पब्लिक स्कूल पानीपत में मंगलवार को 77वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल के निदेशक द्वारा विद्यालय प्राचार्या और समस्त शिक्षकों के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराकर की गई। ध्वजारोहण के बाद, चार अलग-अलग सदनों के छात्रों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। मार्च पास्ट समाप्त होने के बाद, विभिन्न कक्षाओं के छात्रों ने एक से बढ़कर एक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और समां बांधा।
बच्चों ने दी अनेक प्रकार की प्रस्तुतियां
इस शुभ दिन पर स्कूल के म्यूजिक ग्रुप के छात्रों ने देशभक्ति के गीतों की अभूतपूर्व परफॉर्मेंस दी। विद्यार्थियों ने भाषण, ड्रामा और विभिन्न डांस प्रस्तुतियां दी जूनियर वर्ग के छात्रों ने विभिन्न देशभक्ति के गीतों पर प्रस्तुति के माध्यम से भारत के विभिन्न रंगों को दर्शाया तथा विविधता परंतु एकता का संदेश दिया।
सीनियर वर्ग ने नुक्कड़ नाटक का अभिनय किया जिसमे देश के युवाओं को देश की गरिमा को बनाए रखने का संदेश दिया। रानी लक्ष्मीबाई के जीवन के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और देशप्रेम के लिए कुर्बान हो जाने का नृत्य नाटिका के माध्यम से संदेश दिया।
छात्रों के बाद अध्यापक भी देशभक्ति के रंग में सराबोर दिखे
जूनियर वर्ग और सीनियर वर्ग के सभी छात्रों के साथ साथ सभी अध्यापक भी देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आ रहे थे। निदेशक मनोज धमीजा जी ने स्वतंत्रता दिवस की सबको बधाई दी और उन्होंने छात्रों को बड़े होने पर अपने देश के लिए काम करने के लिए प्रेरित किया।
देशभक्ति के नारों से सारा वातावरण गुंजायमान हो रहा था। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। विद्यालय प्रिंसीपल गीता राठी ने सभी छात्रों औऱ अभिभावकों को उनके सहयोग के लिए आभार और शुभकामनाएं प्रेषित की। सभी विद्यार्थियों को इस पावन अवसर पर मिष्ठान वितरण किया गया।

