Ambala : कांग्रेस की सांसद कुमारी सैलजा(Kumari Selja) की ‘कांग्रेस संदेश यात्रा(Congress Sandesh Yatra)’ शनिवार को अंबाला के अग्रसेन चौक से शुरू हुई। इस यात्रा में कुमारी सैलजा के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री चौ. बीरेंद्र सिंह(Birendra Singh) भी शामिल थे। यह यात्रा कपड़ा मार्केट से होकर जगाधरी गेट तक जाएगी। यात्रा के दौरान कुमारी सैलजा और चौ. बीरेंद्र सिंह का समर्थकों ने फूल मालाओं से स्वागत किया। हालांकि कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला नहीं पहुंचे।
यात्रा में पूर्व डिप्टी सीएम चंद्रमोहन(Chandramohan) बिश्नाई भी कुमारी सैलजा के साथ रहे। यात्रा के दौरान चौ. बीरेंद्र सिंह ने कहा कि कुमारी सैलजा ने चुनाव से पहले ही अंबाला में परिवर्तन की हवा बना दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा अब प्रदेश में अपनी पकड़ खो चुकी है। यात्रा के बाद कुमारी सैलजा ने पत्रकारों से बातचीत की और कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद यात्रा का दूसरा चरण शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जा रहा है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश के लोग चाहते हैं कि कांग्रेस उनकी सरकार बने। उन्होंने कहा कि उनकी यात्रा प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में जाएगी। हालांकि, लोकसभा सत्र चल रहा है, इसलिए लगातार यात्रा नहीं कर पाएंगी, लेकिन समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों में जनचेतना फैलाएंगी।

कुमारी सैलजा ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि उनकी गलतियों के कारण वे केवल 240 सीटों पर सिमट गए हैं। उन्होंने कहा कि अंबाला से शुरू हुई उनकी ‘कांग्रेस जन संदेश यात्रा’ प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में निकाली जाएगी। पहले चरण में यह यात्रा अंबाला में रहेगी और इसके बाद हिसार पहुंचेगी। कुमारी सैलजा ने बताया कि वह जनसभा और पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का संदेश लोगों तक पहुँचाएंगी। उन्होंने घोषणा की कि 28 जुलाई, रविवार को वह बरवाला विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगी।
