हरियाणा के Kurukshetra में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा बुधवार को अचानक शाहबाद के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पहुंचे, जहां भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपने दौरे को चंडीगढ़ की यात्रा के दौरान रिश्तेदारों का हाल-चाल जानने का अवसर बताया।
पंजाब सरकार पर निशाना
किसानों के 6 दिसंबर को दिल्ली कूच के सवाल पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने किसानों को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई हैं। राज्य में उगाई जाने वाली सभी फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने की प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने पंजाब सरकार को नाकारा बताते हुए कहा कि उनसे किसी भी तरह की उम्मीद नहीं की जा सकती। पंजाब सरकार सिर्फ दूसरों पर दोष मढ़ने में माहिर है।
केजरीवाल पर तीखा हमला

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए महिपाल ढांडा ने उन्हें झूठा व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी इसलिए कामयाब हो पाई क्योंकि केंद्र सरकार से मिलने वाला बजट दिल्ली को सीधे दिया जाता है। उन्होंने पंजाब की हालत पर चिंता जताई, जिसमें बिजली संकट, डॉक्टरों और दवाइयों की कमी और किसानों को फसल की कीमत न मिलने जैसी समस्याओं का उल्लेख किया।
चुनावी राजनीति का आरोप
मंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में सत्ता बनाए रखने के लिए आंदोलन का सहारा लेकर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने दावा किया कि इस बार जनता उनकी सच्चाई समझ चुकी है और उनकी चालों से बचने के लिए तैयार है। आम आदमी पार्टी पर उन्होंने जनता के भरोसे का दुरुपयोग करने और ठगने का आरोप लगाया।