नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव आतरी में आपसी कहासुनी में सरपंच पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाने का मामला सामने आया है। निशाना चूकने से सरपंच की जान बच गई। पीड़ित ने इसकी शिकायत नांगल चौधरी थाने में दी है। पुलिस ने सरपंच की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्या है सारा मामला
पुलिस को दी शिकायत में गांव आतरी निवासी बलवंत गुर्जर ने बताया कि उनकी पत्नी मुनेश गांव की सरपंच हैं। गांव के ही नोबतराम उर्फ अमित एक आवारा किस्म का युवक है। करीब एक सप्ताह पहले उसकी किसी बात को लेकर अमित से कहासुनी हो गई थी। कहासुनी में अमित ने उसे सबक सिखाने की बात कही थी।
बलवंत अपने दोस्त के भांजे सुरेंद्र और गांव के सत्यबीर के साथ अपने कार्यालय में बैठा हुआ था। अचानक नोबतराम उर्फ अमित बाइक पर आया और उसके हाथ में देसी कट्टा था। उसने सुरेंद्र और सत्यबीर को कार्यालय से बाहर कर दिया और खिड़की में से उसे जान से मारने की नीयत से देसी कट्टा से उस पर गोली चला दी।
गोली उसकी टांगों के बीच से दीवार पर जाकर लगी। वहीं फायर करते समय देसी कट्टा फट गया। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से देसी कट्टा के पुर्जे कब्जे में लेकर पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

