उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेसियों को डराने के लिए डंडे, बंदूक की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि वोट की बीप बजते ही कांग्रेस पार्टी के नेताओं को हार्ट अटैक आ जाता है। ढाणी बाठोठा में जनसभा के दौरान उन्होंने लोगों से कहा कि वह अपने घरों पर जननायक जनता पार्टी(जजपा) के ज्यादा से ज्यादा झंडे लगाए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेसी आपके गांव में आएंगे-जाएंगे और देखेंगे कि जजपा के इतने झंडे लगे हैं तो कांग्रेसियों का खून जल जाएगा। वह अपने आप ही कमजोर हो जाएंगे।
52वें विशाल रक्तदान कैंप का किया शुभारंभ
उप मुख्यमंत्री ने भूषण शोभापुर, डोहर कलां और मंडलाना में भी कार्यक्रमों में शिरकत की। साथ ही हरियाणा युवा साथी ग्रुप की ओर से बाबा जेठू मंदिर धर्मशाला नसीबपुर में आयोजित 52वें विशाल रक्तदान कैंप का शुभारंभ किया। उप मुख्यमंत्री ने रणदीप सुरजेवाला के राक्षस वाले बयान पर कहा कि वह भाजपा-जजपा को वोट देने वाले को राक्षस कहते हैं, लेकिन वह नहीं जानते कि राक्षसों का विनाश वानरों ने किया था।
पार्टी सदस्यता अभियान चलाएगी- उप मुख्यमंत्री
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पार्टी सदस्यता अभियान चलाएगी। अभियान के दौरान हर घर जाकर पार्टी को मजबूत किया जाएगा। हर घर पर पार्टी का झंडा लगाएंगे और स्व. देवीलाल व डॉ. अजय चौटाला की नीतियों को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि 2019 में पार्टी की हवा बनने के लिए 11 माह मिले। 11 माह में लोकसभा, जींद का उप चुनाव और विस चुनाव तीनों हो गए। 11 माह की मेहनत के बाद आपके 17 प्रतिशत वोट आए और 10 विधायक चुनकर विस में गए और राज में हिस्सेदारी हुई। उसी हिस्सेदारी का नतीजा है कि कमेरे को हम सशक्त और ताकतवर बना पाए।
चुनाव में वोट का प्रतिशत बढ़ाना
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि इस बार हमें वोट प्रतिशत पिछली बार से बढ़ाकर 40 प्रतिशत तक करना है। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कंवर सिंह कलवाड़ी, नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी, प्रदेश उपाध्यक्ष अभिमन्यु राव, प्रदेश महासचिव तेजप्रकाश, प्रदेश सचिव अशोक सैनी, जिला अध्यक्ष डॉ मनीष शर्मा, जजपा जिला प्रवक्ता सिकंदर गहली मौजूद रहे।