नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित सोनीपत हॉफ मैराथन में हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस मैराथन में 21 किलोमीटर दौड़ के पुरुष वर्ग में महेंद्रगढ़ के मोहित ने 1 घंटा 4 मिनट 9 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि महिलाओं में इथोपिया की ग्रैबिवाहिद ने 1 घंटा 16 मिनट 4 सेकंड में दौड़ पूरी कर विजेता का खिताब जीता।
10 किलोमीटर दौड़ में सावन और केएम ज्योति रहे अव्वल
10 किलोमीटर दौड़ के पुरुष वर्ग में सावन ने 29 मिनट 1 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, महिला वर्ग में केएम ज्योति ने 34 मिनट 26 सेकंड में दौड़ पूरी कर जीत दर्ज की।
दिव्यांगजनों की व्हीलचेयर दौड़ में बलराम बने विजेता
मैराथन के दौरान दिव्यांगजनों के लिए आयोजित व्हीलचेयर दौड़ में बलराम ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि मोहित दूसरे और सुरेंद्र तीसरे स्थान पर रहे।
विजेताओं को मिला नकद पुरस्कार
कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने विजेताओं को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया। प्रथम स्थान विजेता को 1 लाख, दूसरे स्थान को 75 हजार और तीसरे स्थान को 50 हजार रुपये प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने खेल सामग्री वितरण वाहनों को दिखाई हरी झंडी
मैराथन के पश्चात मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जिला की 65 पंचायतों में खेल सामग्री वितरित करने के लिए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस योजना पर 65 लाख रुपये की लागत आई है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
सोनीपत के इतिहास पर लिखी गई पुस्तक का हुआ विमोचन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोनीपत के इतिहास पर लिखी गई पुस्तक का भी विमोचन किया, जो जिले की गौरवशाली विरासत को प्रदर्शित करती है।







