(समालखा से अशोक शर्मा की रिपोर्ट) पानीपत के खंड समालखा स्थित दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में शनिवार को दो दिवसीय 11वें सब जूनियर राज्य स्तरीय टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ किया गया। टूर्नामेंट में प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमें भाग ले रही हैं। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने खिलाड़ियों का परिचय लेकर और दीप प्रज्वलन के साथ की।
इस मौके पर मुख्यातिथि के रूप में आईपीएस मयंक मिश्रा, भाजपा के ग्रंथालय विभाग के प्रदेशाध्यक्ष देवेंद्र दत्ता, डीडब्ल्यूपीएस के अध्यक्ष रमेश रेवड़ी, संगीता रेवड़ी, उपाध्यक्ष जगदीश अरोड़ा, प्रियंका अरोड़ा, जनरल मैनेजर प्रदीप सुहाग और भाजपा के कृष्णपुरा मंडल अध्यक्ष सुनील कंसल ने शिरकत की। अतिथियों का स्कूल में पहुंचने पर डायरेक्टर डॉ. सपना गुप्ता और शैक्षिक निर्देशिका अर्चना जैन ने पुष्प गुच्छ और श्रीमद्भागवत गीता देकर उनका सम्मान किया। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट 7 से 8 अक्तूबर को स्कूल में ही होगा।
डायरेक्टर डॉ. सपना गुप्ता ने बताया कि टूर्नामेंट को विवेकपूर्ण ढंग से सफलतापूर्वक करवाने का कार्यभार दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के क्रिकेट कोच सचिन, शारीरिक शिक्षा विभाग से रामबली, रवि गोस्वामी, विनोद पंवार, शालिनी और ममता शाह के साथ अध्यापक वर्ग को सौंपा गया है। इस टूर्नामेंट में हरियाणा के अलग अलग जिलों से आई टीमें अपनी प्रतिभा दिखाएंगी। जिनमें पुरुष वर्ग में सिरसा, रेवाड़ी, नूंह, झज्जर, पंचकूला, फरीदाबाद, पानीपत, सोनीपत, जींद, हिसार, कैथल, फतेहाबाद, यमुनानगर के खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं महिला वर्ग में कैथल, सोनीपत और यमुनानगर की खिलाड़ी शामिल हैं। टूर्नामेंट में भाग लेने पहुंचे विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों का रमेश रेवड़ी के द्वारा स्वागत किया गया।
इस दौरान रमेश रेवड़ी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि कोई भी प्रतियोगिता खिलाड़ी की प्रतिभा को निखारने और उन्हें और उंचाईयों पर पहुंचाने में मुख्य भूमिका अदा करती है। एएसपी मयंक मिश्रा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए खेल को खेल की भावना से खेलने के लिए प्रेरित किया। देवेंद्र दत्ता ने कहा कि बेटों के साथ-साथ हमारी बेटियों का न केवल शिक्षा के क्षेत्र में, अपितु खेल प्रतियोगिताओं में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना हमारे लिए गर्व की बात है।
स्कूल की डायरेक्टर डॉ. सपना गुप्ता ने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करते कहा कि जब बच्चा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करता है, तभी वह अपने क्षेत्र में प्रतिष्ठा प्राप्त करता है। शैक्षिक निर्देशिका अर्चना जैन ने खिलाड़ियों को निरंतर परिश्रम करते हुए अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

