Panipat के संत नगर में एक कपड़ा व्यापारी से 1 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। बदमाश ने व्यापारी के घर एक बच्चे के हाथ धमकी भरी चिट्ठी भिजवाई, जिसमें रविवार तक 1 करोड़ रुपए देने को कहा गया। रुपए न देने पर व्यापारी और उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी गई। व्यापारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
सेक्टर 13-17 थाना पुलिस को दी शिकायत में व्यापारी नदीम ने बताया कि वह पुराने कपड़ों का कारोबार करता है, जिन्हें वह विदेश से मंगवाकर पानीपत के व्यापारियों को बेचता है। 5 सितंबर की शाम करीब 7 बजे जब वह अपने गोदाम में था, तब उसके परिजनों का फोन आया। परिजनों ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति घर आया और बच्चे को एक चिट्ठी देकर चला गया, जिसमें कहा गया था कि चिट्ठी नदीम को दे दी जाए।
चिट्ठी में 1 करोड़ की मांग, धमकी से व्यापारी दहशत में
चिट्ठी को खोलकर पढ़ा गया तो उसमें 1 करोड़ रुपए की मांग की गई थी और चेतावनी दी गई थी कि अगर रुपए नहीं दिए तो नदीम और उसके भाई को मार दिया जाएगा। यह पढ़ने के बाद व्यापारी डर गया और उसने पड़ोस के मार्केट वालों से सलाह ली। लोगों ने उसे पुलिस से संपर्क करने की हिम्मत दी। व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब बदमाश की पहचान करने और उसे पकड़ने की कोशिश में जुटी है।







